द फॉलोअप डेस्क
दुमका जिले में खेल अभ्यास के दौरान एक छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की पहचान सिदो कान्हू विद्यालय के आठवीं की छात्रा श्वेता टुडू के रूप में हुई है। घटना के कारण बच्चों को स्कूल से छुट्टी दे दी गई है। जिला खेल अधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने कहा कि आशंका है कि प्रैक्टिस के दौरान कार्डियक अरेस्ट की वजह से ऐसा हुआ। विभाग द्वारा सरकार से मुआवजा दिलाने की कोशिश की जाएगी। दरअसल, दुमका जिला खेलकूद विभाग के द्वारा जिला स्कूल परिसर में 60 स्कूली छात्राओं के लिए एक समर कैंप आयोजित किया गया है। जिसमें छात्राओं को कई तरह के खेल, योगा, मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पिता झारखंड पुलिस में तैनात
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम को श्वेता दौड़ अभ्यास के लिए ट्रेनिंग कैंप हॉल के अंदर चक्कर लगा रही थीं। इसी दौरान वह गिर गई। ट्रेनिंग कैंप की मॉनिटरिंग कर रहे खेल पदाधिकारी ने तुरंत श्वेता को अपनी गाड़ी से फूल झानो मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। श्वेता टुडू दुमका के जामा थाना क्षेत्र के कटहरा गांव की रहने वाली थी और उनके पिता जामताड़ा जिले में पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।
