द फॉलोअप डेस्क, जमशेदपुर:
जुगसलाई थाना क्षेत्र के ग्वाला पट्टी में बुधवार देर रात लाइब्रेरी से लौट रहे एक छात्र ने बाइक सवार युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया। छात्र के मुताबिक वह स्कूटी से घर जा रहा था। इसी दौरान बाटा चौक के पास बाइक से उसकी स्कूटी में टक्कर हुई। बाइक सवार वहां से निकल गया, जिसके बाद छात्र ने उसका पीछा किया।
आरोप है कि कुछ दूरी पर बाइक सवार ने उस पर गोली चला दी। गनीमत रही कि फायरिंग में छात्र को कोई चोट नहीं आई। घटना की जानकारी मिलने के बाद जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस छात्र को पूछताछ के लिए थाने ले गई है।

स्कूटी में टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
छात्र की पहचान शुभम ठाकुर के रूप में हुई है। शुभम के अनुसार, वह ग्वाला पट्टी स्थित एक लाइब्रेरी में पढ़ाई करता है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। बुधवार रात पढ़ाई खत्म करने के बाद वह स्कूटी से घर के लिए निकला था। रास्ते में उसे एक परिचित मिल गया। दोनों सड़क किनारे रुककर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक आए और उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
शुभम का आरोप है कि टक्कर के बाद बाइक सवार युवक रुकने के बजाय वहां से भागने लगा। शुभम ने बताया कि बाइक सवार को रोकने के लिए उसने कुछ दूर तक उसका पीछा किया। इसी दौरान बाइक सवार ने कथित तौर पर उस पर गोली चला दी। गोली निशाना चूक गई और छात्र सुरक्षित बच गया। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
.jpeg)
पुलिस को नहीं मिला खोखा
मामले में पुलिस ने फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को गोली का खोखा भी नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस छात्र के बयान के साथ घटनास्थल और आसपास की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और क्या सच में फायरिंग की घटना हुई थी। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।