सरायकेला-खरसावां
सरायकेला-खरसावां जिले के आर. आई. टी. थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आर. आई. टी. थाना की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं और इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार कुलूपटांगा फुटबॉल मैदान के पास कुछ संदिग्ध युवकों के चोरी की बाइक के साथ मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उनके पास मौजूद मोटरसाइकिलें चोरी की पाई गईं।

संगठित अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंतानगर पीएचडी रोड निवासी राजू लोहार, बंतानगर पानी टंकी निवासी बासुदेव लागुरी तथा बाबा आश्रम निवासी आदित्य राज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के वाहनों का नेटवर्क कितना बड़ा है, इन वाहनों की खरीद-बिक्री किन लोगों के माध्यम से की जाती थी तथा इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी, संगठित अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और कोई भी बड़ी अप्रिय घटना होने से पहले बचा जा सके।
