जमशेदपुर
जमशेदपुर समेत आसपास के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों से टू व्हीलर वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर अब तक चोरी की 25 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की जा चुकी हैं। गिरोह के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किये गये हैं। गिरफ्तार छोटा गोविंदपुर निवासी सुखदेव लोहरा और मुसाबनी के लाटिया डुंगरीडीह निवासी तोता महली उर्फ टोपा महली को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह पूर्वी सिंहभूम के अलावा अन्य जिलों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से भी मोटरसाइकिल और स्कूटी की चोरी करता था, जिन्हें ग्रामीण इलाकों में खपाया और बेचा जाता था।

दो व्यक्ति चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे थे
दरअसल, गुड़ाबांदा थाना कांड संख्या 14/2026 में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 17 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की थी। गिरफ्तार आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान में कुछ और संदिग्धों के नाम सामने आने के बाद उनके सत्यापन और कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के आदेश पर गठित टीम का नेतृत्व मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक कर रहे थे। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना, संदिग्धों की गतिविधियों और बरामद वाहनों के सत्यापन के आधार पर जांच आगे बढ़ायी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुसाबनी थाना क्षेत्र के कटकी मैदान के पास दो व्यक्ति चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की संख्या अब पांच
सूचना के बाद मुसाबनी थाना की टीम के साथ एसआईटी ने मौके पर घेराबंदी की और एक मोटरसाइकिल व एक स्कूटी के साथ दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की संख्या अब पांच हो गयी है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर सुनियोजित तरीके से जमशेदपुर शहर और अन्य जिलों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को ग्रामीण इलाकों में ले जाकर बेच दिया जाता था। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उनकी निशानदेही पर आठ मोटरसाइकिल व स्कूटी बरामद की। जांच आगे बढ़ने के साथ बरामद वाहनों की संख्या बढ़कर 25 हो गयी। बरामद वाहनों में टीवीएस राइडर, हीरो स्प्लेंडर प्लस, होंडा एक्टिवा, पैशन प्रो समेत अन्य मोटरसाइकिल और स्कूटी शामिल हैं।
.jpeg)
सुखदेव लोहरा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक नीले रंग का इनफिनिक्स एंड्रॉयड मोबाइल और एक काले रंग का की-पैड मोबाइल भी जब्त किया है। पुलिस अब बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों और चोरी से जुड़े अलग-अलग मामलों का सत्यापन कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सुखदेव लोहरा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आरआईटी आदित्यपुर थाना में वर्ष 2024 का मामला तथा ओल्डीह ओपी थाना में वर्ष 2026 का मामला दर्ज है। तोता महली के खिलाफ इस कांड के अलावा अन्य कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।