logo

धोनी के दोस्त स्टीफन फ्लेमिंग ने छोड़ा CSK, 18 साल बाद हेड कोच पद से दिया इस्तीफा

ितोसगलु.jpg

द फॉलोअप डेस्क

आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के लंबे समय से हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग के 18 साल पुराना सफर खत्म हो गया है। आपसी सहमति से फ्रेंचाइजी और स्टीफन फ्लेमिंग ने अपना रास्ता अलग कर लिया है। 13 जुलाई को CSK ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की। बताया गया कि फ्लेमिंग और फ्रेंचाइजी प्रबंधन के बीच आपसी बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही आईपीएल इतिहास के सबसे लंबे और सबसे सफल कोचिंग कार्यकाल में से एक का अंत हो गया।

2008 में खिलाड़ी, 2009 से बने हेड कोच, धोनी के सबसे बड़े साथी रहे
स्टीफन फ्लेमिंग वर्ष 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में खिलाड़ी के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे। अगले ही साल उन्होंने टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली और तब से लगातार इस पद पर बने रहे। आईपीएल के पहले सीजन से अगर कोई दो नाम लगातार CSK के साथ जुड़े रहे तो वे एमएस धोनी और स्टीफन फ्लेमिंग थे। फ्लेमिंग को धोनी का सबसे भरोसेमंद साथी माना जाता रहा। उनकी देखरेख में CSK ने पांच आईपीएल खिताब, दो चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफियां जीतीं, 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई और रिकॉर्ड 10 बार फाइनल तक का सफर तय किया।

फ्लेमिंग बोले- CSK हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी
अपने विदाई संदेश में स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि खेल की दुनिया में 18 साल बहुत लंबा समय होता है और वह यहां से सिर्फ शुक्रगुजारी के साथ जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे खास अनुभव रहा है। हमने साथ मिलकर कई यादगार जीत हासिल कीं, कठिन दौर का सामना किया और ऐसी यादें बनाई जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। मुझे इस पूरी यात्रा पर गर्व है और CSK हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी। आने वाले वर्षों में भी मैं टीम का हौसला बढ़ाता रहूंगा।"

CSK प्रबंधन ने बताया फ्रेंचाइजी की पहचान का अहम हिस्सा
CSK की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने कहा कि स्टीफन फ्लेमिंग लगभग दो दशकों तक टीम की कोचिंग यूनिट की आत्मा रहे हैं। उन्होंने फ्रेंचाइजी की पहचान, विजन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की संस्कृति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने कहा कि फ्लेमिंग का प्रभाव सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं था। उन्होंने टीम में निरंतरता, विनम्रता और टीम को प्राथमिकता देने वाली संस्कृति विकसित की। काशी ने कहा कि खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने की उनकी क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत रही और उनका योगदान हमेशा सुपर किंग्स की विरासत का अभिन्न हिस्सा रहेगा।

Tags - IPL CSK MS Dhoni Stephen Fleming Cricket