logo

हजारीबाग : सिद्धू कान्हू की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, आदिवासी समाज का फूटा गुस्सा, चौराहा जाम

sidho_kano.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग में एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास स्थित सिद्धू कान्हू की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना के बाद आदिवासी समाज और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और सिद्धू कान्हू चौक पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाता, तब तक जाम जारी रहेगा। 

घटना को लेकर राजनीतिक दलों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के त्रिपुरा, अगरतला विधायक दल के नेता सुदीप राय बर्मन ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमा खंडित करना उनके योगदानों को अपमानित करने के समान है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डेढ़ महीने पहले भी इसी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इतने व्यस्त और महत्वपूर्ण चौक पर अब तक एक भी सीसीटीवी कैमरा क्यों नहीं लगाया गया।
झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री जयप्रकाश पटेल ने कहा कि इस प्रकार की मानसिकता रखने वाले लोग जेल में रहने लायक हैं और जिला प्रशासन को तुरंत दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। सरना समिति के जिलाध्यक्ष महेंद्र बेक ने चेतावनी दी कि डेढ़ महीने में यह दूसरी घटना है और अब आदिवासी समाज इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष विजय सिंह भोक्ता ने कहा कि यह पूरे आदिवासी समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब हमें अपने पूर्वजों की तरह तीर-धनुष लेकर सड़कों पर उतरना पड़ेगा।

गौरतलब है कि 30 जून 2022 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस प्रतिमा का अनावरण किया था और इस चौक का नामकरण ‘सिद्धू कान्हू चौक’ किया गया था। लेकिन प्रतिमा के लगातार क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं लोगों की भावनाओं को आहत कर रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि शहर के अत्यंत व्यस्त इलाके में स्थित इस महत्वपूर्ण चौक पर अभी तक एक भी सीसीटीवी कैमरा क्यों नहीं लगाया गया। फिलहाल, हजारीबाग में यह मामला गर्मा चुका है और लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।



 

Tags - latest hazaribagh news Hazaribagh news updates latest hazaribagh news hazaribagh news updates Latest SidhoKano News Statue of Sidho kano Damanged in hazaribagh latest jharkhand News Jharkhand News updates jharkhand News in hidi Latest Jharkhand N