द फॉलोअप डेस्क
राज्य निर्वाचन आयुक्त झारखंड, अलका तिवारी ने राज्यवासियों को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी, और 2011 से इस दिन को प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर आर्यभट्ट सभागार रांची में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। अलका तिवारी ने इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस का थीम "My India My Vote" और टैगलाइन "Indian Citizen at the Heart of Indian Democracy" बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का आधार मतदाता है और लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर मतदाता को जागरूक और सतर्क रहना आवश्यक है। मतदाता बिना किसी भय, प्रलोभन और जाति, धर्म, भाषा या समुदाय से ऊपर उठकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें, ताकि लोकतंत्र और सशक्त हो सके।
उन्होंने मतदाता पंजीकरण और जागरूकता को सतत प्रक्रिया बताते हुए कहा कि हर पात्र भारतीय नागरिक, जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका है, चार तिथियों-1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ सकता है। मतदाता सूची अद्यतन और चुनाव प्रक्रिया के दौरान हर मतदाता को महिला, पुरुष, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, पीवीटीजी या थर्ड जेंडर हों, उनके अनुरूप सुविधा प्रदान की जाती है।
अलका तिवारी ने यह भी बताया कि झारखंड में 2886 Electoral Literacy Club (ELC) और प्रत्येक मतदान केंद्र पर चुनाव पाठशाला की स्थापना की गई है। मतदाता सूची के अद्यतनीकरण में 966 Voter Awareness Forum सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे चुनाव आयोग की वेबसाइट या संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का हिस्सा बनने का गर्व महसूस करें।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची या वोटर कार्ड से संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध है। उन्होंने Book a Call सुविधा की जानकारी भी दी, जिसके तहत 48 घंटे के भीतर बीएलओ किसी भी मतदाता सूची से संबंधित जानकारी देने के लिए संपर्क करेंगे। रवि कुमार ने बताया कि झारखंड में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण (Pre-Revision Period) चल रहा है। इस दौरान वर्तमान मतदाता सूची में 72 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग बीएलओ एप के माध्यम से पूरा किया जा चुका है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह वर्ष विशेष उपलब्धियों का वर्ष है। भारत निर्वाचन आयोग को International IDEA की अध्यक्षता का अवसर प्राप्त हुआ है और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के पाकुड़ जिले को Best Election District Award के लिए चुना गया है। इस अवसर पर वरिष्ठ मतदाता, युवा मतदाता और ट्रांसजेंडर मतदाताओं का सम्मान किया गया। साथ ही 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निर्वाचन अधिकारियों को भी पुरस्कृत किया गया। अंत में सभी उपस्थित मतदाताओं ने मतदाता शपथ ली और राज्यवासियों को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
1.jpeg)