logo

सिमडेगा : हॉकी का ककहरा सीख रहे खिलाड़ियों के बीच पहुंची सलीमा टेटे और संगीता कुमारी, दिए टिप्स

a2910.jpg

सिमडेगा: 

राष्ट्रीय खेल दिवस सह हॉकी  के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस के अवसर पर 27 से 29 अगस्त 2022 तक हॉकी झारखंड के द्वारा सिमडेगा में 5वीं सीनियर  झारखंड राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सिमडेगा जिला की महिला एवं पुरुष हॉकी टीमें भी भाग लेगी। आज सिमडेगा जिला टीम गठन हेतु हॉकी सिमडेगा द्वारा चयन ट्रायल का आयोजन एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम सिमडेगा में किया गया। 

चयनित खिलाड़ियों के लिए ट्रेनिंग शिविर
पुरुष  वर्ग में 171 और महिला वर्ग में 89 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन्हीं खिलाड़ियों में से जिला टीम का गठन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों के लिए 1 सप्ताह तक विशेष प्रशिक्षण शिविर कराया जायेगा। चयन ट्रायल में हालिया कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रांज मेडल जीतने वाली भारतीय महिला टीम की अहम सदस्य सिमडेगा की सलीमा टेटे और संगीता कुमारी ने भी शिरकत की। दोनों स्टार खिलाड़ियों ने युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया और अहम टिप्स भी दिए। 

चयन ट्रायल में शामिल हुए कई अधिकारी
ट्रायल में चयनकर्ता के रूप में हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी, सुनील तिर्की ,पंखरासियुस टोप्पो,बसंत बा,करिश्मा परवार थीं। वहीं ट्रायल को सफल बनाने में मुख्य रूप से हॉकी सिमडेगा के कोषाध्यक्ष कमलेश मांझी,वेद प्रकाश भोक्ता, प्रतिमा तिर्की, बलबीर प्रसाद, बिनोद कुल्लू, सोनू ठाकुर, मुन्ना ग्वाला, रामप्रसाद सिंह, विजय तिर्की, अजंती कुमारी, ललिता कुमारी  एवं अन्य सदस्यों के अलावा केरसई प्रखंड के पूर्व जीप सदस्य संजय समीर सिंधिया की प्रमुख भूमिका थी।