द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के मिर्जागंज में Sri Langta Baba Steels Private Limited द्वारा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत एक महिला स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया और समूह को अगरबत्ती बनाने की मशीन और मोटरयुक्त सिलाई मशीन प्रदान की गई। कार्यक्रम में कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मोहन प्रसाद साव, निदेशक सुरज गुप्ता, के साथ ही जमुआ की विधायक डॉ. मंजु कुमारी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कंपनी ने न केवल मशीनें दी हैं, बल्कि कच्चा माल भी उपलब्ध कराने और उत्पादों को बाजार मुहइया कराने में सहयोग का आश्वासन दिया है, ताकि महिलाएं स्वावलंबी बन सकें।
अपने संबोधन में मोहन प्रसाद साव ने कहा कि "जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी, तभी समाज का समग्र विकास संभव है।" वहीं निदेशक सुरज गुप्ता ने इस पहल को कंपनी का सामाजिक दायित्व बताया और जानकारी दी कि आगे ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर कोर्स, आचार-पापड़ व मसाला निर्माण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी महिलाओं को जोड़ा जाएगा। विधायक डॉ. मंजु कुमारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में स्थानीय महिला संगठन की प्रतिनिधि और कई उद्यमी महिलाएं भी शामिल रहीं।