logo

न्याय का सुनाई देना काफी नहीं, न्याय होता दिखना भी चाहिए; 14वीं JPSC प्रकरण पर बोले सीएम हेमंत

soren34.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड में सिस्टम हाईअलर्ट पर है। प्रदेश में चल रही प्रत्येक गतिविधि पर सरकार की निगाह है। संभव है कि थोड़ी देर होगी, लेकिन दोषियों को सजा और पीड़ितों को न्याय जरूर मिलेगा। ये बदलाव का दौर है और जड़ जमा चुकी समस्याओं को ठीक करने में थोड़ा वक्त लगता है। 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर कार्रवाई के सवाल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अभ्यर्थियों को यह भरोसा दिया है। 

 

द फॉलोअप के सवालों पर सीएम हेमंत का जवाब
मंगलवार को कैबिनेट की मीटिंग के बाद मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने द फॉलोअप के सवालों पर कहा कि हमारी सोच पर कोई सवाल या खोट हो तो बताइये। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गांव हो या शहर, प्रत्येक नागरिक के लिए काम करने का प्रयास करती है। इसमें कभी सफलता मिलती है और कभी नहीं, लेकिन प्रयासों में कोई कमी हो तो बताइये। जेपीएससी पीटी परीक्षा में  कथित गड़बड़ी की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय का केवल सुनाई देना काफी नहीं है, न्याय होता दिखना भी चाहिए। 

14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा की जांच जारी है
गौरतलब है कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित धांधली की शिकायतों की जांच सीआईडी और रांची पुलिस कर रही है। बीते मंगलवार को सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने जेपीएससी दफ्तर में  छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान आयोग की असिस्टेंट परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता और राजवीर सिंह समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार की रात को ही सीआईडी ने पोड़ैयाहाट से प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज तिवारी को भी गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल के दफ्तर में छापा मारकर डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त किया है। दफ्तर को सील भी किया गया है। आरोपियों से पूछताछ के जरिये पूरे नेटवर्क को खंगालने का प्रयास किया जा रहा है। 

जेपीएससी के चेयरमैन एल खियांगते का इस्तीफा
इस बीच जेपीएससी के चेयरमैन एल खियांगते ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री ने कथित गड़बड़ी में जवाबदेही तय करते हुए एल खियांगते का इस्तीफा लिया है। जेपीएससी ने 14वीं जेपीएससी की प्रस्तावित मुख्य परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित किया है। 

हमारी सरकार की प्राथमिकता सभी का हित!
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सबकी है। हमारी प्राथमिकता सभी नागरिकों का हित है, चाहे उसने हमें वोट किया हो या नहीं। सीएम हेमंत ने कहा कि पक्षपात के बिना न्याय सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। सीएम हेमंत ने अपने कार्यकाल को झारखंड का ट्रांजिशन फेज बताते हुए कहा कि उतार-चढ़ाव होता है। हमने कई परीक्षाओं का सफल आयोजन कराया है, लेकिन पूर्ववर्ती सरकार ने तो सरकारी नौकरी दी ही नहीं। उन्होंने कहा कि सिस्टम में कई लोग वर्षों से छिपे बैठे हैं। वे गलत गतिविधियों में लिप्त हैं। वक्त लगता है लेकिन ऐसे लोगों को चिन्हित करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। सबकी जवाबदेही तय की जायेगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी होगी। 

मुख्यमंत्री ने युवाओं से धैर्य धारण करने को कहा
सीएम हेमंत ने कहा कि युवा, किसान, महिलायें, बेरोजगार सभी वर्ग के नागरिकों पर हमारी नजर है। रफ्तार धीमी हो सकती है, लेकिन सुधार की कवायद में कोई कमी नहीं है। सीएम हेमंत ने कहा वर्षों से दूषित हो चुके सिस्टम को जादुई छड़ी से ठीक नहीं किया जा सकता है। सुधार के लिए प्रक्रिया के तहत काम करना होगा। सीएम हेमंत ने कहा कि युवाओं  को घबराना नहीं चाहिए और सरकार पर यकीन करना चाहिए। हमारी मंशा पर भरोसा करना चाहिए। व्यवस्था सुधरेगी और न्याय भी सुनिश्चित होगा। 


 

Tags - JPSC14th JPSC Hemant SorenCID