logo

गोड्डा : SP मुकेश कुमार ने कई थानों का किया औचक निरीक्षण, समस्याओं का लिया जायजा, अपराध नियंत्रण पर दिया जोर

godda_sp.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा के एसपी मुकेश कुमार ने बलबड्डा, मेहरमा ठाकुरगंगटी, बोआरीजोर सहित अन्य थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, पुलिस जवानों के विश्राम रूम, किचन रूम, सोलर लाइट्स सहित कई अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
एसपी ने थाना प्रभारी से थाना की विभिन्न समस्याओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें जल्द निपटारा करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रात के समय पेट्रोलिंग को तेज करने का सख्त आदेश दिया और थाना परिसर में सफाई की स्थिति पर भी ध्यान केंद्रित किया। एसपी ने थाना के सभी कमरे का निरीक्षण किया और विशेष रूप से पुलिस जवानों के रूम का भी अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस गश्त तेज करने और विभिन्न मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। साथ ही, एसपी ने अपराधी की जल्द गिरफ्तारी को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने थाना के विभिन्न पंजियों की भी बारीकी से जांच की, जिनमें दागी पंजी, अपराध पंजी, केस डिस्पोजल पंजी, ओडी पंजी, अपराध अनुसंधान पंजी शामिल थे। इन पंजियों की समीक्षा के बाद एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
गोड्डा एसपी ने बताया कि थाना में चलने वाली सरकारी गाड़ियों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि थाने में कुछ नई सरकारी गाड़ियों की आवश्यकता है, और धीरे-धीरे मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। एसपी ने यह भी बताया कि पुलिस प्रशासन को पेट्रोलिंग के दौरान वाहन की खराब स्थिति की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे अपराधियों को पकड़ने में दिक्कत हो रही है। साथ ही एसपी ने थाने की नई बिल्डिंग में शिफ्ट होने के बाद पुलिस जवानों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में भी कदम उठाने की बात कही और क्राइम कंट्रोल को लेकर रिव्यू किया जा रहा है।


 

Tags - Godda news latest jharkhand News Jharkhand Updates Godda Sp latest nnews latest jharkhand Updates latest news latestBreaking News breaking updates