logo

बेटे ने मां को डायन बताकर मार डाला

itta.jpg

द फॉलोअप टीम, दुमकाः
लाख कोशिशों के बावजूद भी झारखंड में अंधविश्वास में आकर लोगों की हत्याओं का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। डायन बिसाही के चक्कर में फंसकर लोग आज भी हत्याओं को अंजाम दे रहे हैं। दुमका जिले के रानेश्वर थाना में एक वृद्ध महिला की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप महिला के बेटे पर ही लगा है। वृद्ध महिला की पहचान सबी हांसदा (65) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सबी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुत्र कांतो हेंब्रम फरार हो गया था लेकिन बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 


बच्चों की मौत के बाद मां पर शक
यह घटना रानेश्वर थाना क्षेत्र के बोराबधान गांव में बुधवार को देर रात में हुई। आरोपी पुत्र शादीशुदा है। उसके बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि उसके दो बेटे हुए तो दोनों की मौत हो गई है। उसका एक बच्चा अक्सर बीमार रहता है। इससे आरोपी को अपनी ही पर डायन बिसाही होने का शक हुआ। बुधवार की देर रात में आवेश में आकर उसने मां की हत्या कर दी। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इस मामले में रानेश्वर थाना में पुत्र के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को जेल भी भेज दिया गया है। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N