रांची
राजधानी रांची में लगातार बढ़ रही गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए रांची पुलिस ने एक नया और आधुनिक प्रयोग शुरू किया है। शहर की व्यस्त सड़कों पर घंटों ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक जवानों के लिए अब “कूलिंग जैकेट” का ट्रायल किया जा रहा है। इस पहल को पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कार्यक्षमता से जोड़कर देखा जा रहा है।

कूलिंग जैकेट में इन-बिल्ट फैन सिस्टम लगाया गया
रांची पुलिस द्वारा शुरू किए गए इस ट्रायल के तहत फिलहाल पांच अत्याधुनिक कूलिंग जैकेट जवानों को उपलब्ध कराए गए हैं। इन जैकेटों की खासियत यह है कि इनमें इन-बिल्ट फैन सिस्टम लगाया गया है जो लगातार हवा का प्रवाह बनाए रखता है। इससे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है और जवानों को तेज गर्मी के बीच भी राहत मिलती है।
जानकारी के अनुसार, यह जैकेट पावर बैंक से संचालित होती है और एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग आठ घंटे तक काम कर सकती है। यानी ट्रैफिक जवान अपनी पूरी शिफ्ट के दौरान इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। जैकेट में इस्तेमाल किए गए कपड़े में SPF 50 सुरक्षा दी गई है, जो धूप की हानिकारक अल्ट्रावॉयलेट किरणों से बचाव करने में मदद करती है।

अगर ट्रायल सफल रहा तो बड़ी संख्या में कूलिंग जैकेट खरीदी जाएंगी
बता दें कि सिर्फ दिन ही नहीं रात के समय भी जवानों की सुरक्षा का ध्यान रखा गया है। जैकेट में रिफ्लेक्टिव रेडियम स्ट्रिप्स लगाई गई हैं, जिससे अंधेरे में भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी दूर से आसानी से दिखाई देंगे और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा। रांची पुलिस का कहना है कि अगर ट्रायल सफल रहता है और जवानों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है तो आने वाले समय में बड़ी संख्या में कूलिंग जैकेट खरीदी जाएंगी। इसे पुलिसिंग में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और जवानों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।