logo

25 जून को 8 साल का होगा स्मार्ट सिटी मिशन, सेलिब्रेशन शुरु

25 जून को 8 साल का होगा स्मार्ट सिटी मिशन, सेलिब्रेशन शुरु

द फॉलोअप डेस्क
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से शुरु हुआ स्मार्ट सिटी मिशन 25 जून 2023 को 8 वर्ष का हो जाएगा। इसको लेकर देश के सभी 100 स्मार्ट सिटी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन शुरु हो गया है। मंत्रालय की ओर से जारी निर्देशानुसार सभी शहरों को 23 जून से 27 जून तक कई कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्मार्ट सिटी के तहत विकसित हो रही योजनाओं की जानकारी देनी है। इसके तहत रांची स्मार्ट सिटी की ओर से मुख्यतः तीन कार्यक्रम आयोजित किया गया। रांची स्मार्ट सिटी एबीडी क्षेत्र में एक साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया जिसमें रांची स्मार्ट सिटी में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की ओर से इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं और स्मार्ट सिटी के पदाधिकारियों ने साइकिल चलाई। इस साइक्लोथॉन में कुल 6 किमी की दूरी तय की गई। इस दौरान रांची स्मार्ट सिटी में निर्मित साइकिल ट्रैक पर भी साइक्लिंग किया गया।

स्मार्ट सिटी और उसमें मौजूद फीचर की दी गई जानकारी
मिशन के गाइडलाइन के मुताबिक साइक्लोथॉन में शामिल सभी क्षेत्रों के विशेषज्ञ छात्रों को स्मार्ट सिटी और उसमें मौजूद फीचर के बारे में बताया गया। उन्हें विजिट कराकर योजनाओं का भौतिक परीक्षण कराया गया। बताया कि इस निर्माण में विशेष गुणवता का ख्याल रखा गया है। इस शहर में विकसित हो रही आधारभूत संरचना विश्वस्तरीय है। इस आधारभूत संरचना में अत्याधुनिक तकनीकी का इस्तेमाल किया गया है।

छात्र-छात्राओं को इंटर्नशिप के लिए दिया गया ऑफर लेटर
स्मार्ट सिटी मिशन के आठवीं वर्षगांठ पर रांची स्मार्ट सिटी की ओर से 6 छात्रों को इंटर्नशिप के लिए ऑफर लेटर दिया गया। ये अगले सप्ताह से यहां दो महीने तक इंटर्ऩशिप करेंगे और सरकारी तथा कॉरपोरेट सेक्टर में होनेवाले कार्यों को नजदीक से देखेंगे और समझेंगे। गौरतलब है कि वर्तमान में इन छः छात्रों के अलावा 22 छात्र पहले से रांची स्मार्ट सिटी से विभिन्न संकाय में इंटर्नशिप कर रहे हैं। जिनका जून और जुलाई में इंटर्नशिप समाप्त होगा। इन छात्रों में दिल्ली विश्वविद्यालय, बीआईटी मेसरा, कलिंगा इंस्टीट्यूट भुनेश्वर और इक्फाई यूनिवर्सिटी झारखंड के छात्र शामिल हैं।

टुलिप पोर्टल के तहत होता है इंटर्नशिप
दुनिया भर में तेज गति से हो रहे शहरीकरण को देखते हुए अधिक से अधिक तकनीकी विशेषज्ञ तैयार करने और अर्बन प्लानिंग के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने The Urban Learning Internship Pragrame  (TULIP) की शुरुआत की थी। रांची स्मार्ट सिटी में जून 2019 से लेकर अब तक कुल 44 छात्रों ने सफलतापूर्वक इंटर्नशिप किया है और वर्तमान में 28 छात्र इंटर्नशिप कर रहे हैं। आम तौर पर ये छात्र सिविल इंजीनीयरिंग, कंप्यूटर एंड इलेक्ट्रीकल इंजीनीयरिंग, अर्बन प्लानिंग, ऑर्किटेक्ट, प्रबंधन, एकाउंट और फिनान्स में इंटर्नशिप करते हैं।

कम्युनिकेशन सेंटर विजिट का 27 जून को है कार्यक्रम
27 जून 2023 को कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर विजिट का कार्यक्रम रखा गया हैक। जिसमें स्कूल के स्टूडेंट्स पहुंचेंगे। वहीं, शुक्रवार को हुए कार्यक्रम में स्मार्ट सिटी के जीएम (टेक्निकल) राकेश कुमार नंदक्योलियार, पीआरओ अमित कुमार, प्रबंधक उत्कर्ष कुमार, किशन कुमार, अंजनी दुबे, अभिषेक कुमार, एजाज, रोहित विभिन्न संस्थानों के 28 छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N