logo

खूनी झड़प में बदली 6 महीने पुरानी रंजिश, मारपीट में युवक की मौत; SIT करेगी जांच

खूनी झड़प में बदली 6 महीने पुरानी रंजिश, मारपीट में युवक की मौत; SIT करेगी जांच

गिरिडीह: 
गिरिडीह (Girdih) मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी (Bandarkuppi) में छह महीने पुरानी रंजिश एक बार फिर भड़क उठी और देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गई। 24 सितंबर की रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ (SDPO)  के नेतृत्व में SIT का गठन कर जांच शुरू कर दी है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

छह महीने पहले भी हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उस समय मामले को सुलझा लिया गया था, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। 24 सितंबर की रात किसी बात को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। इसी दौरान मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई SIT
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ सदर गिरिडीह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने मामले की जांच करते हुए सतीश यादव और अनुज यादव को गिरफ्तार कर लिया।

घटनास्थल से कई सामान बरामद
पुलिस ने जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल की गई बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की कार बरामद की है। इसके अलावा घटनास्थल से खून के नमूने, बांस की तीन लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद की गई हैं। बरामद सामान को जांच का हिस्सा बनाया गया है।

अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच
पुलिस के अनुसार घटना के दौरान सतीश यादव और अनुज यादव के साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में उनकी क्या भूमिका रही। अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की जांच के साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट होगी। मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Giridih News Bandarkuppi Murder Case Giridih Police SIT Investigation Jharkhand Crime News