logo

दुमका में नाबालिग के साथ हुई घटना पर भड़कीं सीता सोरेन, सांसद-विधायकों की चुप्पी पर उठाए सवाल

दुमका में नाबालिग के साथ हुई घटना पर भड़कीं सीता सोरेन, सांसद-विधायकों की चुप्पी पर उठाए सवाल

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
दुमका जिले के काठीकुंड में नाबालिग छात्रा के साथ हुई गंभीर घटना को लेकर सीता सोरेन ने गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने राज्य में बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ इस तरह की अमानवीय घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और इन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सीता सोरेन ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। साथ ही, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित किया जाए, ताकि न्याय मिलने में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने मांग की कि दोष सिद्ध होने पर दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।


सांसद और विधायकों की चुप्पी पर सवाल
घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए सीता सोरेन ने पूछा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद क्षेत्र के सांसद और विधायक मौन क्यों हैं? उन्होंने कहा कि जब एक नाबालिग छात्रा के साथ इतनी गंभीर घटना सामने आई है, तब जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हों, न्याय की आवाज बुलंद करें और प्रशासन पर त्वरित कार्रवाई के लिए दबाव बनाएं। सीता सोरेन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाना नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में भी लोगों के साथ खड़ा होना है। ऐसी संवेदनशील घटना पर जनप्रतिनिधियों की चुप्पी जनता के मन में कई सवाल खड़े करती है। क्षेत्र की जनता यह जानना चाहती है कि बेटियों की सुरक्षा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के मुद्दे पर जनप्रतिनिधि अपनी आवाज क्यों नहीं उठा रहे हैं। सीता सोरेन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन को सभी आवश्यक कदम उठाने चाहिए। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


बेटियों की सुरक्षा राजनीति से ऊपर: सीता सोरेन
सीता सोरेन ने कहा, “हमारी बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना आवश्यक है। काठीकुंड की घटना पर त्वरित कार्रवाई हो, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। साथ ही, स्थानीय सांसद और विधायकों को भी अपनी चुप्पी तोड़कर पीड़ित परिवार के पक्ष में आवाज उठानी चाहिए। बेटियों की सुरक्षा किसी राजनीति से ऊपर है और इस मुद्दे पर सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”

Tags - Sita Soren Dumka News Jharkhand Crime Girls Safety Fast Track Trial