logo

SIR कैंप में BDO ने युवक को जड़े थप्पड़! माले नेता विनोद सिंह ने चुनाव आयोग से की कार्रवाई की मांग

SIR कैंप में BDO ने युवक को जड़े थप्पड़! माले नेता विनोद सिंह ने चुनाव आयोग से की कार्रवाई की मांग

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के सरिया प्रखंड के कुसमाडीह पंचायत भवन में चल रहे SIR कार्य के दौरान विवाद का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में लाल शर्ट पहने एक अधिकारी एक युवक को अपने पास बुलाते और उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अधिकारी सरिया BDO ललित नारायण तिवारी हैं। फुटेज सामने आने के बाद घटना को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।


‘BDO को बनाया था बंधक’ के दावे पर विनोद सिंह का पलटवार
अब तक इस घटना को लेकर कहा जा रहा था कि आक्रोशित ग्रामीणों ने BDO समेत पंचायत सचिवालय में मौजूद कर्मियों को बंधक बना लिया था। वहीं, बगोदर के पूर्व विधायक और माले नेता विनोद सिंह ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर इस दावे का खंडन किया है। विनोद सिंह ने आरोप लगाया कि SIR कैंप के दौरान BDO ने BLO, मतदाताओं और महिलाओं से उत्तेजित होकर बात की और गाली-गलौज की। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन में एक युवक के साथ मारपीट की घटना CCTV में दर्ज है। विनोद सिंह ने ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने और BDO के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों पर केस और कैंप दूसरी जगह शिफ्ट करने पर सवाल
विनोद सिंह के मुताबिक, घटना के बाद ग्रामीण पंचायत भवन से बाहर निकल गए और वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग की। तनाव की स्थिति को देखते हुए पंचायत कर्मियों ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। बाद में वरीय अधिकारियों के पहुंचने और दोबारा ऐसी घटना नहीं होने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। विनोद सिंह ने आरोप लगाया कि इसके अगले दिन संबंधित 13 बूथों के SIR कैंप को पंचायत से करीब 25 किलोमीटर दूर सरिया स्थानांतरित कर दिया गया और ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले का संज्ञान लेकर ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने, BDO पर कार्रवाई करने और संबंधित बूथों के कैंप पंचायत में ही संचालित करने की मांग की है।

Tags - Giridih News Saria News SIR Camp BDO Lalit Narayan Tiwari Vinod Singh