logo

Arka Jain University में 'आगाज 2026' का शानदार समापन, गायक सलमान अली के सुरों पर झूमा पूरा कैंपस

salman1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया स्थित अर्का जैन विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक प्रबंधन एवं सांस्कृतिक महोत्सव “आगाज़ 2026” शनिवार को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट एवं डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट की ओर से आयोजित इस महोत्सव में प्रतिभागियों की प्रबंधन दक्षता, नेतृत्व क्षमता, प्रतिस्पर्धात्मक सोच और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का सशक्त प्रदर्शन देखने को मिला। वहीं समापन इंडियन आइडल फेम सलमान अली नाइट के साथ हुआ। सलमान अली ने मंच पर आते ही उन्होंने 'जग घुमया तेरे जैसा न कोई...'  गा कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। छात्र-छात्राओं, विश्वविद्यालय परिवार व उपस्थित गणमान्य लोगों ने तालियों और सुर में सुर मिलाए। इस तरह सलमान ने 'मेरे रस्के कमर...,' 'सइयारा ...'  समेत अन्य कई गीत गाए। इस तरह पूरे कार्यक्रम में सलमान के गीतों पर छात्र-छात्राएं थिरकते रहे। 
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बताया गया 'आगाज 2026' को झारखंड के 25 वर्षों की विकास यात्रा के उत्सव के रूप में मनाया गया। इसमें युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका को केंद्र में रखा गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के संयुक्त सचिव कुलदीप डागर तथा विशिष्ट अतिथि सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मानव केड़िया एवं आधुनिक पावर के सीईओ अरुण कुमार मिश्रा मंचासीन थे। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा एवं स्वामी विवेकानंद की तस्वीर के समक्ष पुष्प अर्पित कर महोत्सव की शुरुआत की। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को प्रबंधन, नवाचार, उद्योग-उन्मुख सोच और नैतिक नेतृत्व के महत्व पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
महोत्सव के पहले दिन का समापन डीजे नीलाश्री के रंगारंग व उत्साहजनक डीजे नाइट के साथ हुई। वहीं, दूसरे दिन इंडियन आइडल फेम सुप्रसिद्ध गायक सलमान अली की लाइव प्रस्तुति पर यूनिवर्सिटी कैंपस झूम उठा। इस वर्ष 'आगाज़ 2026' में अभूतपूर्व सहभागिता देखने को मिली। पैन इंडिया से 3200 से अधिक पंजीकरण दर्ज किए गए। 104 से अधिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों ने सक्रिय भागीदारी की। विद्यालय स्तर पर SDSM, लिटिल फ्लावर टेल्को, शिक्षा निकेतन, अहसैन इंटरनेशनल स्कूल, आरकेएमएस सिदगोड़ा, चर्च स्कूल बेल्डीह, विवेक विद्यालय समेत धनबाद, चाईबासा एवं अन्य क्षेत्रों के विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने शिरकत की। वहीं, उच्च शिक्षण संस्थानों में आईआईटी खड़गपुर, एनआईटी जमशेदपुर, वीमेंस यूनिवर्सिटी जमशेदपुर, अल-कबीर इंस्टीट्यूट, KIIT समेत अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
दो दिवसीय आगाज़ 2026 के अंतर्गत प्रबंधन आधारित विभिन्न प्रमुख प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें बिजनेस सिमुलेशन इवेंट रणनीतिक निर्णय-निर्माण पर केंद्रित रहा। एड-मैड शो में प्रतिभागियों का विज्ञापन एवं ब्रांडिंग कौशल देखने को मिला। वहीं, स्टार्टअप एवं उद्यमिता चुनौती में नवाचार और व्यावसायिक सोच को परखा गया। बेस्ट मैनेजर प्रतियोगिता में नेतृत्व और समस्या समाधान क्षमता का मूल्यांकन तथा क्विज, केस स्टडी और पैनल डिस्कशन के माध्यम से विश्लेषणात्मक और बौद्धिक क्षमताओं को प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक आयोजनों में संगीत, नृत्य, फैशन शो, फोटोग्राफी, डिजिटल क्रिएटिविटी, कहानी लेखन एवं ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न श्रेणियों में विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया कि 'आगाज़ 2026' का सफल आयोजन अर्का जैन विश्वविद्यालय की उस संस्थागत प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है, जिसमें अकादमिक उत्कृष्टता, उद्योग सहभागिता, सांस्कृतिक चेतना और युवा नेतृत्व को एकीकृत दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जाता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सहित विश्वविद्यालय की पूरी टीम उपस्थित थे। 
अर्का जैन यूनिवर्सिटी के 'आगाज 2026' में शिरकत करने पहुंचे इंडियन आइडल विजेता सलमान अली ने बिष्टुपुर में पत्रकारों से दिल की बात साझा की। सलमान ने कहा, "आज भी मैं वही गाता हूं जो सीधे परमात्मा से कनेक्ट करता है।" उन्होंने बताया कि उनके गायन की शुरुआत माता रानी के जागरणों से हुई, जहां रात भर भजन गाने से न केवल उनका रियाज हुआ, बल्कि उन्हें आध्यात्मिक मजबूती भी मिली। इंडियन आइडल ही असली पहचान बॉलीवुड की 'सुई धागा', 'डंकी' और 'दबंग-3' जैसी फिल्मों में अपनी आवाज देने वाले सलमान ने गर्व से कहा कि आज भी 'इंडियन आइडल फेम' कहलाना उन्हें खुशी देता है, क्योंकि इसी मंच ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। उन्होंने बताया कि आगे भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स और फिल्मों में उनके गीत आने वाले हैं। स्ट्रगल कर रहे युवा गायकों को सलाह देते हुए सलमान ने कहा कि संगीत में 'एकतरफा प्यार' नहीं चलता। अगर आप दिल से मेहनत और रियाज करेंगे, तो संगीत भी आपको सफलता के रूप में प्यार लौटाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जो भी गाएं, पूरी शिद्दत और दिल से गाएं।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news east singhbhum news east singhbhum khabar