सिमडेगा
सिमडेगा जिले के निजी विद्यालयों द्वारा मनमानी फीस वसूली को लेकर उपायुक्त (DC) कंचन सिंह सख्त नजर आईं। समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिला स्तरीय शुल्क निर्धारण समिति द्वारा तय शुल्क से अधिक राशि वसूलना स्वीकार्य नहीं होगा। जानकारी दी गई कि जिले के 58 विद्यालयों में अतिरिक्त शुल्क लेने की शिकायत मिली थी, जिनमें 44 विद्यालय राशि वापस कर चुके हैं। शेष विद्यालयों को एक सप्ताह के भीतर अभिभावकों को राशि लौटाने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में अनुपालन नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

री-एडमिशन फीस लेने पर भी रोक
वहीं उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी अभिभावक पर किसी विशेष दुकान से ड्रेस, किताब या अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने का दबाव नहीं बनाया जाए तथा री-एडमिशन फीस लेने पर भी रोक रहेगी। बैठक में निजी विद्यालयों के हॉस्टलों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि हॉस्टलों में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य जांच, पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल और बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है। शिक्षा विभाग को सभी हॉस्टलों का नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
