द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले के कोलेबिरा प्रखंड अंतर्गत ग्राम गोबरधसा (पंचायत नवाटोली) में जल जीवन मिशन (JJM) के तहत जल महोत्सव पखवाड़ा (08 मार्च से 22 मार्च 2026) के अवसर पर ‘जल अर्पण दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त कंचन सिंह, जिला परिषद सदस्य रोस प्रतिमा सोरेंग, कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार तथा अंचलाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुप कच्छप सहित अन्य अतिथियों एवं विद्यार्थियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। जल सहिया एवं ग्रामीणों ने स्वागत गीत और पुष्पगुच्छ के साथ सभी का अभिनंदन किया। अपने संबोधन में उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि इस गाँव के लोगों ने सामूहिक प्रयास से जल प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो अन्य गाँवों के लिए प्रेरणादायक है।
.jpg)
उन्होंने नल-जल योजना और जल टंकी के बेहतर रख-रखाव के लिए ग्रामीणों की सराहना की। उपायुक्त ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पानी की कमी का सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ता है, इसलिए उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से जल की बर्बादी रोकने और दूसरों को जागरूक करने की अपील की। साथ ही उन्होंने अत्यधिक भू-जल दोहन को भविष्य के लिए खतरा बताते हुए जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। जनप्रतिनिधियों ने भी जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जल है तो जीवन है, और सभी से जल बचाने की अपील की। उन्होंने जल मीनार और चापाकल के पास सोख्ता टैंक निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
.jpeg)
कार्यक्रम के दौरान जल एवं वन संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया गया। इसके बाद उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और जल मीनार के समीप जल अर्पित कर संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जल संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल सहिया एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। प्रवीण बारला को बेहतर प्लंबर कार्य तथा एमलेन सुरीन को जलकर वसूली और पेयजल आपूर्ति योजना के रख-रखाव में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और जिले के अन्य गांवों के लिए प्रेरणास्रोत बना। कार्यक्रम में प्रमुख, उप प्रमुख, पंचायत प्रतिनिधि, जल सहिया एवं अन्य कर्मीगण उपस्थित रहे।