logo

सिमडेगा : नदी किनारे मिलने बुलाया, फिर दुष्कर्म कर 15 वर्षीय प्रेमिका की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

नदी किनारे मिलने बुलाया, फिर दुष्कर्म कर 15 वर्षीय प्रेमिका की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

सिमडेगा: 
Simdega News:
झारखंड के सिमडेगा जिले में एक नाबालिग लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि 19 वर्षीय युवक ने पहले 15 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर को केरसई थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। इसके बाद से लड़की लापता थी। बुधवार को उसका शव गिरमा नदी के पास एक सुनसान स्थान से बरामद किया गया।

नदी किनारे मिलने के लिए बुलाया था
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रणवीर सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। उसके मुताबिक, उसे शक था कि लड़की उसे धोखा दे रही है। इसी बात को लेकर उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना के दिन आरोपी ने लड़की को फोन करके नदी किनारे मिलने के लिए बुलाया था।

कहासुनी के बाद दुष्कर्म और हत्या
पुलिस के अनुसार, लड़की के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को रेत से ढककर छिपाने की कोशिश भी की। हालांकि, बुधवार को शव मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

पिता की शिकायत पर प्राथमिकी, आरोपी गिरफ्तार
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Tags - Simdega NewsMinor MurderCrime NewsJharkhand PolicePOCSO Case