logo

सिमरिया विमान हादसा: 21 दिन बाद मिला एयर एंबुलेंस का दूसरा इंजन, महुआ चुनने गई महिलाओं ने दी पुलिस को जानकारी

सिमरिया.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया में हुए एयर एंबुलेंस हादसे के 21 दिन बाद एक अहम सुराग मिला है। रविवार को दुर्घटनाग्रस्त विमान का दूसरा इंजन घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर जंगल में बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार कांशीआतु गांव की कुछ महिलाएं महुआ चुनने के लिए जंगल गई थीं। इस दौरान उनकी नजर विमान के इंजन पर पड़ी। महिलाओं ने तुरंत इसकी सूचना सिमरिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इंजन को बरामद कर थाना ले आई। थाना प्रभारी सूर्यप्रताप सिंह ने बताया कि एयर एंबुलेंस का दूसरा इंजन मिलने की सूचना संबंधित कंपनी को दे दी गई है।

गौरतलब है कि 23 फरवरी की शाम रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा जिले के कांशीआतु के पत्थरपनिया जंगल में क्रैश हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे में पायलट, को-पायलट और डॉक्टर समेत कुल सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद विमान के मलबे को इकट्ठा कर सिमरिया थाना लाया गया था और बाद में उसे वाहन के जरिए हरियाणा भेज दिया गया था। वहीं एयर एंबुलेंस कंपनी ने दूसरे इंजन की तलाश करने वालों के लिए इनाम की घोषणा भी की थी। अब 21 दिन बाद जंगल से इंजन मिलने के बाद जांच में नई जानकारी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Tags - Simaria air ambulance crash Chatra air ambulance accident Jharkhand plane crash news Simaria plane crash update air ambulance second engine found Chatra forest plane engine recovery Kanshiatu village jungle discovery mahua picking women find plane