logo

सिल्ली अंचल के अमीन 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, 2 लाख की थी मांग

सिल्ली अंचल के अमीन 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, 2 लाख की थी मांग

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

रांची जिले के सिल्ली अंचल कार्यालय में गुरुवार को ACB की टीम ने अमीन विनोद लोहरा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि अमीन एक जमीन की मापी कराने के बदले पीड़ित से कुल 2 लाख रुपये नगद और 4 डिसमिल जमीन की मांग कर रहा था। पीड़ित व्यक्ति अपनी जमीन की मापी कराने के लिए काफी समय से अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। इसी सिलसिले में जब वह सीओ कार्यालय में तैनात अमीन विनोद लोहरा के संपर्क में आया, तो आरोप है कि अमीन ने काम आगे बढ़ाने के बदले 2 लाख रुपये नगद और 4 डिसमिल जमीन अपने नाम करने की मांग रख दी। इस मांग और कथित तौर पर मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने रिश्वत देने के बजाय ACB से शिकायत करने का फैसला किया।

शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल

पीड़ित ने रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कार्यालय पहुंचकर अमीन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपनीय तरीके से प्राथमिक जांच की। जांच के दौरान पीड़ित की ओर से लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद अमीन को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए ACB ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार गुरुवार को पीड़ित व्यक्ति रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये लेकर विनोद लोहरा के पास पहुंचा। जैसे ही अमीन ने रुपये अपने हाथ में लिये, आसपास सादे कपड़ों में मौजूद ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद ACB मुख्यालय ले गयी टीम

ACB की अचानक हुई कार्रवाई से सिल्ली अंचल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। टीम गिरफ्तार अमीन विनोद लोहरा को अपने साथ रांची स्थित ACB मुख्यालय ले गयी, जहां उससे पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। ACB की कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गयी है।

Tags - ACB Ranchi Silli Vinod Lohra Bribery