रांची
सिल्ली-बोकारो रेलखंड पर रविवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया। मधुपुर जा रही ट्रेन संख्या 08895 श्रावणी मेला स्पेशल की एक बोगी अचानक पटरी से उतर गई। हादसे के समय ट्रेन में बड़ी संख्या में कांवड़िए सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
रात करीब 2:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08895 मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे श्रावणी मेला रूट से मधुपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पोल संख्या 354/SA4 के पास इंजन से तीसरी बोगी (कोच संख्या SEC 64776) अचानक बेपटरी हो गई। बोगी के पटरी से उतरते ही तेज आवाज हुई, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेलवे टीम
घटना की जानकारी मिलते ही हटिया मंडल के रेल प्रबंधक (DRM) अधिकारियों, आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे की तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू किया। तकनीकी टीम ने बेपटरी हुई बोगी को दोबारा पटरी पर चढ़ाया और सुरक्षा की दृष्टि से उसे मुरी यार्ड में खड़ा कर दिया।.jpeg)
मरम्मत के बाद बहाल हुआ रेल परिचालन
बोगी के बेपटरी होने से कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। ट्रैक की मरम्मत तेजी से की गई और इस दौरान प्रभावित रेलखंड से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया। रेलवे कर्मचारियों की कड़ी मेहनत के बाद सुबह करीब 5:15 बजे मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया और सिल्ली-बोकारो रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन फिर से सामान्य कर दिया गया।
सभी कांवड़िए सुरक्षित, जांच में जुटा रेलवे
रेलवे अधिकारियों के अनुसार हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी कांवड़ियों को सुरक्षित ट्रेन से बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल रेलवे घटना के कारणों की जांच कर रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।