द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित कालू बागान में शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान दो सगे भाइयों पर चापड़ से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों की पहचान बिरसानगर जोन नंबर-7 निवासी सरबजीत सिंह और उसके भाई अमर सिंह के रूप में हुई है। हमले की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को लेकर सीधे सिदगोड़ा थाना पहुंचे। वहां पुलिस को घटना की जानकारी देने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।

परिजनों ने आदित्य सिंह पर लगाया हमला करने का आरोप
परिजनों के अनुसार, दोनों भाई बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद अपनी नानी के घर जा रहे थे। इसी दौरान कालू बागान इलाके में आदित्य सिंह ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई और फिर चापड़ निकालकर दोनों पर हमला कर दिया गया। हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों का दावा है कि आदित्य सिंह पहले भी टेल्को क्षेत्र में चापड़ से हमले के एक मामले में वांछित रहा है।

दोनों पक्षों के बीच पहले से था विवाद, जांच में जुटी पुलिस
वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घायल युवक अपने कुछ साथियों के साथ कालू बागान पहुंचे थे, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और मामला हिंसक हो गया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है तथा घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।