पलामू:
Plamu News: पलामू जिले के चर्चित रामपुर गोलीकांड के अनुसंधान में लापरवाही बरतने के मामले में चैनपुर थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर क्षितिज सोनी को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
.jpeg)
जमीन विवाद में हुई थी फायरिंग, एक युवक की मौत
बता दें कि 23 मई 2026 को पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना में सकेंद्र चौधरी नामक युवक की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे। मामले में पुलिस ने 17 नामजद और 25 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। केस के अनुसंधान की जिम्मेदारी चैनपुर थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर क्षितिज सोनी को सौंपी गई थी।
.jpeg)
आरोपियों को बचाने की कोशिश का आरोप, पुलिस निर्देशों की भी अनदेखी
अनुसंधान के दौरान लापरवाही बरते जाने की शिकायत के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल को सौंपी गई। जांच के दौरान अनुसंधान से जुड़े कई बिंदुओं पर सवाल उठे। आरोप है कि जांच के दौरान कुछ आरोपियों को बचाने की कोशिश की गई। वहीं, मामले के अनुसंधान को लेकर पलामू एसपी कपिल चौधरी की ओर से अनुसंधानकर्ता को कई दिशा-निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि इन निर्देशों का भी पूरी तरह पालन नहीं किया गया।
.jpeg)
नामजद आरोपियों का CDR नहीं निकाला गया
जांच में यह बात भी सामने आई कि मामले में नामजद आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) नहीं निकाली गई। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों के CDR का भी केस डायरी में उल्लेख नहीं किया गया। जांच रिपोर्ट में इन बिंदुओं को अनुसंधान में गंभीर लापरवाही माना गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई विभागीय कार्रवाई
इन अनियमितताओं और लापरवाही को लेकर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने अपनी जांच रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर सब-इंस्पेक्टर क्षितिज सोनी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। रामपुर गोलीकांड में अनुसंधानकर्ता पर हुई इस कार्रवाई के बाद मामले की आगे की जांच प्रक्रिया पर भी पुलिस विभाग की निगरानी बढ़ गई है। अब मामले में आगे की जांच किस दिशा में बढ़ती है, इस पर नजर बनी हुई है।