जमशेदपुर
पूर्वी सिंहभूम जिले में स्कूली बच्चों तक पाठ्यपुस्तक पहुंचाने में सुस्ती अब भारी पड़ने लगी है. किताब वितरण में धीमी प्रगति पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सात प्रखंडों के बीपीओ को शो-कॉज जारी किया है, साथ ही उनके वेतन पर भी रोक लगाने का निर्देश दिया गया है. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक में यह कार्रवाई हुई. बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिन प्रखंडों में 90 प्रतिशत से कम किताब वितरण हुआ है, वहां जवाबदेही तय की जायेगी. बोड़ाम, धालभूमगढ़, डुमरिया, घाटशिला, गुड़ाबांदा, मुसाबनी और पटमदा के बीपीओ इस कार्रवाई की जद में आये हैं. सभी प्रखंडों को दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पाठ्यपुस्तक वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
बैठक में वर्ष 2026 के मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों की समीक्षा भी की गयी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अगले वर्ष बेहतर परिणाम के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार की जाये. साथ ही, बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों और टॉपर्स छात्रों को जिला स्तर पर सम्मानित करने की घोषणा की गयी. शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए ‘सिकुई-दिकुई’ अभियान को गर्मी की छुट्टियों के बाद फिर से पूरी सक्रियता के साथ चलाने का निर्देश दिया गया. इस अभियान के तहत जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी स्कूलों को गोद लेकर शैक्षणिक स्तर सुधारने में सीधे हस्तक्षेप करते हैं.

आवासीय विद्यालयों की स्थिति पर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई. निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं जैसे स्वच्छता, सुरक्षा ऑडिट, बुनियादी सुविधाएं और आधारभूत संरचना को दस दिनों के भीतर दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. निजी स्कूलों में बीपीएल कोटे के तहत नामांकन प्रक्रिया को लेकर भी सख्ती दिखायी गयी. उपायुक्त ने कहा कि एक भी सीट खाली नहीं रहनी चाहिए और केवल योग्य बच्चों का ही चयन सुनिश्चित किया जाये. इसके अलावा, ई-विद्यावाहिनी के माध्यम से शिक्षकों और छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति, बैंक खातों की अद्यतन स्थिति और लंबित आधारभूत कार्यों की समीक्षा की गई. मध्याह्न भोजन योजना को निर्धारित मेन्यू के अनुसार संचालित करने का निर्देश भी दिया गया. उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने की हिदायत दी. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
.jpeg)