द फॉलोअप डेस्क, हजारीबाग:
हजारीबाग में एक दुकानदार ने अपनी दुकान पर आज से यूपीआई पेमेंट बंद करने का पर्चा लगा दिया है। दुकानदार का कहना है कि अगर हालात इसी तरह चलते रहे तो दुकान में ताला लगाने की नौबत आ सकती है। बड़कागांव प्रखंड की श्रेया स्टोर मनिहारी दुकान पर लगाए गए इस पर्चे में ग्राहकों से यूपीआई की जगह नकद भुगतान करने की अपील की गई है।
दरअसल, यूपीआई पेमेंट के नियमों में हुए बदलाव के बाद इसके असर को लेकर देशभर में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। राजनीतिक दलों की ओर से जहां इसे आम लोगों पर बोझ बताया जा रहा है, वहीं व्यापारी वर्ग भी कारोबार पर इसके संभावित असर को लेकर चिंता जता रहा है। इसी बीच हजारीबाग के बड़कागांव से सामने आई यह तस्वीर यूपीआई को लेकर चल रही बहस को सीधे स्थानीय बाजार तक ले आई है।

नकद भुगतान के पर्चे से बढ़ी चर्चा
श्रेया स्टोर मनिहारी दुकान के बाहर लगाए गए पर्चे पर स्पष्ट तौर पर लिखा है कि अब यहां यूपीआई पेमेंट स्वीकार नहीं किया जाएगा। ग्राहकों को सामान खरीदने के बाद नकद भुगतान करना होगा। पिछले कुछ वर्षों में यूपीआई देश में डिजिटल भुगतान का एक प्रमुख माध्यम बन गया है। छोटी रकम से लेकर बड़ी खरीदारी तक लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। किराना सामान, साबुन, सर्फ और सब्जियों जैसी रोजमर्रा की जरूरतों का भुगतान भी बड़ी संख्या में लोग यूपीआई से करने लगे हैं। ऐसे में किसी छोटी दुकान पर यूपीआई भुगतान बंद करने का फैसला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनना स्वाभाविक है।
दुकानदार ने जताई कारोबार पर असर की चिंता
दुकानदार की ओर से दुकान बंद होने तक की आशंका जताए जाने से यह मामला और भी चर्चा में आ गया है। हालांकि, नए यूपीआई नियमों का कारोबारियों और ग्राहकों पर वास्तविक और व्यापक असर कितना होगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। फिलहाल बड़कागांव की इस दुकान पर लगा ‘नकद भुगतान’ का पर्चा डिजिटल पेमेंट को लेकर चल रही बहस की जमीनी तस्वीर जरूर दिखा रहा है।
.jpeg)