logo

मंत्री शिल्पी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को बांधी राखी

dkshiv.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मंत्री शिल्पी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, भाईचारे और स्नेह का संदेश देने वाला अवसर है। उन्होंने इस दौरान कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे से भी मुलाकात की और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। प्रियंक खड़गे के साथ मुलाकात के दौरान राजनीतिक एवं समसामयिक विषयों के साथ झारखंड के कृषि, पशुपालन और सहकारिता क्षेत्र के विकास पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दोनों राज्यों के बीच कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग, किसानों के लिए नई तकनीकों के आदान-प्रदान, पशुधन प्रबंधन और दुग्ध उत्पादन के जरिए किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कर्नाटक ने कृषि, पशुपालन, दुग्ध और सहकारिता के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।


सफल मॉडलों से झारखंड के किसानों को जोड़ने पर जोर
मंत्री ने कहा कि कर्नाटक के सफल मॉडलों से झारखंड के किसानों, पशुपालकों और सहकारी संस्थाओं को जोड़ने की दिशा में दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और अनुभवों का आदान-प्रदान महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि ज्ञान, तकनीक और अनुभवों का साझा उपयोग किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है। राज्य सरकार झारखंड के किसानों और पशुपालकों के हित में देश के विभिन्न राज्यों की सफल पहलों को अपनाने और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Tags - Shilpi Neha Tirkey DK Shivakumar Priyank Kharge Karnataka Jharkhand Raksha Bandhan