logo

शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर निकलेगी जोहार यात्रा, जमशेदपुर से चाकुलिया तक 80 किमी का सफर

JMM_east.jpg

जमशेदपुर 

दिशोम गुरु पद्मभूषण स्व. शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर स्मृति यात्रा निकाली जायेगी। इस यात्रा का नाम पद्मभूषण दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन अनुयहार (स्मृति) जोहार यात्रा रखा गया है। यात्रा 4 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे जमशेदपुर के डिमना स्थित बाबा तिलका मांझी चौक से शुरू होगी और करीब 80 किलोमीटर की दूरी तय कर चाकुलिया के बिरसा मुंडा चौक पहुंचेगी। जमशेदपुर के सर्किट हाउस सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा में झारखंड मुक्ति मोर्चा पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की ओर से शिबू सोरेन की स्मृति रथ के साथ वाहनों का बड़ा काफिला शामिल रहेगा। रास्ते में नारगा चौक (NH-33) घाटशिला फूलडुंगरी चौक और धालभूमगढ़ चौक पर यात्रा को कुछ समय के लिए रोका जायेगा। उन्होंने बताया कि इन स्थानों पर स्थानीय झामुमो नेता, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शिबू सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

उनके योगदान और उनके विचारों को लोगों के बीच रखेंगे

साथ ही अलग राज्य आंदोलन में शिबू सोरेन के साथ सक्रिय भूमिका निभाने वाले पुराने आंदोलनकारियों को भी जिला समिति की ओर से सम्मानित किया जायेगा। यात्रा के समापन पर चाकुलिया स्थित बिरसा मुंडा चौक में आमसभा आयोजित की जाएगी। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष, झारखंड अलग राज्य आंदोलन में उनके योगदान और उनके विचारों को लोगों के बीच रखेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम में जिले के सभी विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, केंद्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय सदस्य, जिला कार्यसमिति सदस्य, महानगर संयोजक मंडली के पदाधिकारी, महिला नेत्रियां, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। संवाददाता सम्मेलन में जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन के अलावा जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, वरीय नेता खुद्दू उरांव, जिला कार्यालय सचिव प्रीतम हेंब्रम, सह कार्यालय सचिव सुशील हेंब्रम, अभय पांडेय, राजा पूर्ति और गोकुल मार्डी मौजूद थे।

Tags - Shibu Soren First Death Anniversary Johar Yatra JMM