logo

जमशदेपुर की शांभवी तिवारी ने ICSE बोर्ड में हासिल किए 100% अंक, बनीं नेशनल टॉपर

jsr_topper.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर की रहने वाली शांभवी तिवारी ने आईसीएसई (ICSE) 12वीं बोर्ड की परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने शहर, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है. सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की इस मेधावी छात्रा ने जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिकी और अंग्रेजी जैसे कठिन विषयों में 100 में से 100 अंक हासिल कर नेशनल टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है. शांभवी की इस अभूतपूर्व सफलता से परिवार और स्कूल प्रशासन में खुशी की लहर है. शांभवी के पिता राकेश रमन एयर इंडिया में प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत हैं और माता रमन सेंट मैरी इंग्लिश स्कूल में रसायन शास्त्र की पीजीटी शिक्षिका हैं.
शांभवी अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत और माता-पिता के मार्गदर्शन को देती हैं. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा के साथ-साथ आकाश इंस्टीट्यूट से मेडिकल की कोचिंग भी ली है. वह रोजाना सात से आठ घंटे नियमित पढ़ाई करती थीं. पढ़ाई के अलावा शांभवी को फिल्में देखना, संगीत सुनना और उपन्यास पढ़ना काफी पसंद है. फिलहाल, शांभवी का पूरा ध्यान आगामी 3 मई को होने वाली नीट परीक्षा पर केंद्रित है, जिसका केंद्र अलकबीरा पॉलिटेक्निक में पड़ा है. उनके पिता का कहना है कि बेटी की इस उपलब्धि पर वे बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं, लेकिन उनकी असली खुशी तब होगी जब शांभवी नीट की परीक्षा पास कर एक कुशल चिकित्सक बनने के अपने सपने को पूरा करेगी.

 

Tags - Shambhavi Tiwari national Topper ISC jamshedpur ISC Shambhavi Tiwari ISC Topper Shambhavi Tiwari Shambhavi Tiwari national Topper ISC national Topper