द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। फिलहाल राज्य के अधिकतर हिस्सों में आसमान साफ रहेगा, हालांकि 3 जून से 5 जून के बीच कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि आने वाले 2 दिनों में तापमान में इजाफा हो सकता है। गर्मी बढ़ेगी और अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी संभव है। शुक्रवार को रांची समेत कई जिलों में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है।
बंगाल की खाड़ी का असर अब कमजोर
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ गया है और इसका प्रभाव झारखंड में कम होता जा रहा है। यह सिस्टम पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय क्षेत्रों से होते हुए आगे बढ़ रहा है। इसी कारण 30 मई से 5 जून तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
कहां कितना तापमान और बारिश?
रांची का न्यूनतम तापमान गुरुवार को 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा
मेदिनीनगर में सबसे ज्यादा गर्मी, अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री रहा
घाटशिला में सबसे ज्यादा बारिश, 24 घंटे में 32.4 मिमी बारिश हुई
चाईबासा में तापमान 22.2 डिग्री रहा, जबकि नाला में 12 मिमी बारिश दर्ज की गई
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, फिलहाल झारखंड में तापमान सामान्य से थोड़ा कम है, लेकिन अगले कुछ दिनों में गर्मी फिर से बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि बादलों की मात्रा कम होने से धूप तेज होगी और इसका असर तापमान पर साफ दिखेगा। राज्यवासियों को सलाह दी गई है कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए धूप में निकलते समय एहतियात बरतें, पानी खूब पिएं और जरूरी न हो तो दोपहर में बाहर निकलने से बचें। झारखंड में मॉनसून के आने से पहले यह गर्मी का एक और दौर हो सकता है। हालांकि 3 जून के बाद राहत मिलने की उम्मीद है जब कुछ इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो सकती है।