logo

अब तक नहीं मिला सेवा विस्तार, अगस्त से समाप्त होने लगेगी सहायक पुलिसकर्मियों की नौकरी

11222.jpg

द फॉलोअप, रांची
झारखंड के अति नक्सल प्रभावित 12 जिले  ( पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम ,दुमका, सिमडेगा गुमला ,खूंटी, गिरिडीह चतरा, लातेहार, गढ़वा पलामू, लोहरदगा) में संविदा पर नियुक्त किए गए सहायक पुलिसकर्मियों का कार्यकाल अगले कुछ दिनों में समाप्त होने लगेगा। अभी तक राज्य सरकार द्वारा उनके कार्यकाल विस्तार का आदेश जारी नहीं किया गया है। मालूम हो कि 2017 में इन सहायक पुलिसकर्मियों की संविदा पर नियुक्ति की गयी थी। बाद में समय के साथ-साथ एक-एक वर्ष विस्तार होता रहा। वर्तमान समय में 9वे वर्ष का विस्तार अवधि अगस्त प्रथम सप्ताह 2026 में समाप्त हो रहा है। इसको लेकर सहायक पुलिस कर्मियों में नौकरी जाने की चिंता अभी से ही सताने लगी है। सहायक पुलिसकर्मियों का कहना है कि वे अपनी पीड़ा को मंत्री, विधायक और संबंधित जिले के एसपी को बयां कर रहे हैं। लिखित रूप में दे रहे हैं। लेकिन सरकार के स्तर पर अब तक कोई पहल नहीं की गयी है।


जानकारी के अनुसार सहायक पुलिस कर्मियों का विगत वर्षों से जो विस्तार हो रहा है वह समय पर नहीं हो रहा है। समय पर विस्तार नहीं होने के कारण 2 से 3 महीना ड्यूटी से वंचित रहना पड़ जाता है। इसके चलते घर परिवार के भरण पोषण एवं शिक्षा दीक्षा पर गंभीर एवं विपरीत प्रभाव पड़ता है। यानि सरकार 1 वर्ष का विस्तार तो देती है मगर ड्यूटी सेवा अवधि 8 से 9 महीना ही रहता है। इसलिए अल्प वेतन भोगी सहायक पुलिसकर्मियों ने सरकार से सहानुभूति एवं उदारता की भावना के साथ समय पर निर्णय लेने की मांग की है।

Tags - Jharkhand Assistant Police Personnel Tenure Ends Government