logo

कोलकाता से 55 लाख के सोने की चोरी कर ससुराल में छिपाया, गिरिडीह से गिरफ्तार हुआ आरोपी नौकर

Screenshot_2026-08-27_101038.jpg

कोलकाता 
कोलकाता के बेनियापुकुर थाना क्षेत्र में एक बड़े ठेकेदार के घर से चोरी किए गए 55 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र से बरामद किए गए हैं। कोलकाता पुलिस ने चोरी के मामले में जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज निवासी घुपन पासवान, पिता बंसी पासवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पचम्बा थाना क्षेत्र के कमरसाली स्थित उसके ससुराल में छापेमारी कर पुलिस ने कथित रूप से चोरी का सोना बरामद किया।
ठेकेदार के घर काम करता था आरोपी
जानकारी के अनुसार, घुपन पासवान कोलकाता में एक बड़े ठेकेदार के घर में काम करता था। वह वहां कोठीबारी का काम करने के साथ-साथ खाना बनाने का काम भी करता था। इसी दौरान उस पर ठेकेदार के घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप लगा। चोरी के बाद आरोपी कथित रूप से आभूषणों को अपने साथ गिरिडीह ले आया और पचम्बा थाना क्षेत्र के कमरसाली स्थित अपनी ससुराल में छिपाकर रख दिया। बताया जाता है कि आरोपी की सास का नाम देवकी देवी है। चोरी की घटना सामने आने के बाद ठेकेदार ने कोलकाता पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर बेनियापुकुर थाना, कोलकाता में कांड संख्या 280/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ में ससुराल में सोना छिपाने का खुलासा
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी घुपन पासवान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद कोलकाता पुलिस ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को चोरी के आभूषणों को गिरिडीह स्थित ससुराल में छिपाए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद कोलकाता पुलिस की टीम गिरिडीह पहुंची और पचम्बा थाना पुलिस के सहयोग से कमरसाली स्थित आरोपी के ससुराल में छापेमारी की।
छापेमारी में 55 लाख से अधिक के आभूषण बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए। पुलिस के अनुसार, बरामद सोने की कीमत 55 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई पूरी करने के बाद कोलकाता पुलिस बरामद आभूषणों और गिरफ्तार आरोपी को अपने साथ कोलकाता ले गई।
पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज
कोलकाता से चोरी हुए लाखों रुपये के सोने के गिरिडीह के एक गांव से बरामद होने की खबर के बाद इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है कि आरोपी ने इतनी बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण अपने ससुराल में छिपाकर रखे थे। हालांकि, मामले में पत्रकारों द्वारा जानकारी लेने पर कोलकाता पुलिस के अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया। बरामद सोने की वास्तविक मात्रा, वजन और उसकी सटीक कीमत की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल पुलिस की ओर से नहीं की गई है। ऐसे में बरामदगी से जुड़े अंतिम आंकड़े पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच
फिलहाल कोलकाता पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है और मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटना में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता थी या नहीं और चोरी किए गए आभूषणों को छिपाने में किसी अन्य ने उसकी मदद की थी या नहीं।
 

Tags - Kolkata Gold Theft Giridih Crime Gold Jewellery Recovery Kolkata Police Jharkhand Crime