logo

थाने में महिला से दुष्कर्म का आरोप, पुलिसकर्मी हिरासत में

थाने में महिला से दुष्कर्म का आरोप, पुलिसकर्मी हिरासत में

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

रात में कमरे में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप

जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला गुरुवार को घरेलू विवाद से परेशान होकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थी। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस उसे थाने लेकर आई थी। रात अधिक होने के कारण उसे थाना परिसर में ही एक कमरे में ठहरने के लिए कहा गया। महिला के मुताबिक, कुछ देर बाद ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी कमरे में पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि उसने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन कोई नहीं आया। इसके बाद उसने पास में रखे चाकू से आरोपी पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। आरोपी वहां से भाग निकला।

सुबह पैसे देकर घर भेजने की कोशिश का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि सुबह उसने अन्य पुलिसकर्मियों को पूरी घटना की जानकारी दी, लेकिन उसे पैसे देकर घर लौटने को कहा गया। इसके बाद उसने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार देर रात एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज पुलिस बल के साथ गम्हरिया थाने पहुंचे। उन्होंने साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए उस कमरे को बंद करा दिया, जहां कथित तौर पर वारदात हुई थी। आरोपी पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Seraikela Jharkhand Crime News Police Investigation Sexual Assault