सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनाई स्थित जिओ पेट्रोल पंप के समीप एक ट्रक चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चालक को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, चांडिल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या टीएन 52 एए 4394 तमिलनाडु से हजारीबाग की ओर जा रहा था। इसी दौरान दिनाई स्थित जिओ पेट्रोल पंप के पास चालक विजयकुमार एस (पिता- सुब्रमणियन) की अचानक तबीयत खराब हो गई। आशंका जताई जा रही है कि तबीयत बिगड़ने के बाद चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया होगा।

अचेत अवस्था में मिला चालक
स्थानीय लोगों ने चालक को अचेत अवस्था में देखा तो उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे अनुमंडल अस्पताल, चांडिल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। मृतक का स्थायी पता कोक्कन काडु, थम्ममपट्टी, गंगावल्ली, सेलम (तमिलनाडु) बताया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है। चौका थाना प्रभारी ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।
.jpg)