द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो चालकों की दर्दनाक मौत हो गई। रोला-खैरबनी मोड़ के समीप रात करीब 12:30 बजे हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग इतनी भयावह थी कि उसे बुझाने में दमकल कर्मियों को करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। ट्रेलर चालक आग की चपेट में आने से मौके पर ही दम तोड़ बैठा, जबकि दूसरे चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

पीछे आ रहे दो ट्रेलर भी हादसे की चपेट में आए
हादसे के कुछ ही देर बाद पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर भी दुर्घटना की चपेट में आ गए। अचानक ब्रेक लगाने के दौरान दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए और सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दुर्घटना में दोनों चालकों को चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे। मंगलवार सुबह तक घटनास्थल पर जले हुए ट्रेलर के पहियों से धुआं निकलता रहा। हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

सड़क चौड़ीकरण की उठी मांग, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि एनएच-220 पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जबकि सड़क की चौड़ाई पर्याप्त नहीं है। लोगों ने इस मार्ग को फोरलेन बनाने, खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थायी उपाय किए जाने की मांग प्रशासन से की है।