द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में नहाने के दौरान डूबे दूसरे स्कूली छात्र का शव भी रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले दोनों छात्रों के शव मिल चुके हैं। जानकारी के अनुसार, कल्पनापुरी निवासी उत्सव और एस-टाइप निवासी कुश शनिवार दोपहर करीब 1 बजे चेक डैम में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। शनिवार को गोताखोरों की मदद से कुश का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि उत्सव की तलाश देर रात तक जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इलाके में शोक का माहौल
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने चेक डैम के पानी में एक शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान उत्सव के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो मासूम छात्रों की असमय मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोगों की आंखें नम हैं।

सुरक्षा के लिए बैरेकेडिंग नहीं
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आसंगी चेक डैम में पहले भी कई डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन आज तक न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चेक डैम के आसपास तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।