logo

सरायकेला: जायदा मंदिर के पास नदी में नहाने गया युवक लापता, रातभर रुका सर्च अभियान, सुबह फिर शुरू हुई तलाश

रो्ो.jpg

द फॉलोअप डेस्क

सरायकेला-खरसवां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र स्थित जायदा मंदिर के समीप नदी में नहाने के दौरान एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के नदी में डूब जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार, लापता युवक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी आदर्शनगर निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ जायदा मंदिर के पास नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। साथ में मौजूद दोस्तों ने घटना की जानकारी स्थानीय लोगों और पुलिस को दी।


रात में रोका गया अभियान, सुबह फिर शुरू हुई तलाश
घटना की सूचना पर चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल और रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अंधेरा बढ़ने के कारण सोमवार रात सर्च अभियान स्थगित कर दिया गया। मंगलवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से फिर से खोज अभियान शुरू किया गया। चांडिल के अंचल निरीक्षक (सीआई) रवि कुमार सिंह ने बताया कि नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण गोताखोर केवल 5 से 6 फीट तक ही देख पा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए चांडिल डैम के सभी फाटकों को बंद कर दिया गया है। साथ ही NDRF टीम को भी बुलाया गया है, जिसके जल्द पहुंचने की संभावना है। प्रशासन लगातार युवक की तलाश में जुटा हुआ है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिला था।


परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे के लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पूरे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल है। स्थानीय लोग भी युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद में सर्च अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।

 

Tags - Seraikela Chandil Drowning Rescue Jharkhand