logo

सरायकेला के दो छऊ कलाकारों को मिला राष्ट्रीय सम्मान, सुशांत महापात्र को मिलेगा संगीत नाटक अकादमी अवार्ड; कुनाल सामल को उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार

मपोह.jpg

बानेश्वर महतो/सरायकेला
झारखंड की विश्वविख्यात सरायकेला छऊ कला को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। छऊ मुखौटा निर्माण कला के वरिष्ठ गुरु सुशांत कुमार महापात्र को वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी सम्मान के लिए चुना गया है, जबकि युवा छऊ कलाकार कुनाल सामल को कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। संगीत नाटक अकादमी की आधिकारिक घोषणा के बाद सरायकेला समेत पूरे झारखंड के कला और सांस्कृतिक जगत में खुशी का माहौल है। सरायकेला की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के लिए इस उपलब्धि को ऐतिहासिक माना जा रहा है। वर्षों से सरायकेला छऊ नृत्य और पारंपरिक मुखौटा निर्माण कला अपनी विशिष्ट शैली और सांस्कृतिक महत्व के कारण देश-विदेश में पहचान बना चुकी है। राष्ट्रीय सम्मान मिलने से इस कला की प्रतिष्ठा और अधिक बढ़ी है।


कलाकारों ने बढ़ाया झारखंड का मान
नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने दोनों कलाकारों को सम्मानित कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरायकेला की छऊ कला इस क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। सुशांत कुमार महापात्र और कुनाल सामल ने अपनी प्रतिभा, समर्पण और वर्षों की साधना के बल पर न केवल जिले बल्कि पूरे झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि यह सम्मान केवल दो कलाकारों की उपलब्धि नहीं, बल्कि सरायकेला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है। उन्होंने सरकार और समाज से छऊ कला के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।


कला जगत में खुशी की लहर
गौरतलब है कि सरायकेला छऊ और यहां की पारंपरिक मुखौटा निर्माण कला भारतीय सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इन सम्मानों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सरायकेला प्रतिभा, परंपरा और सांस्कृतिक समृद्धि की अनूठी पहचान रखने वाला क्षेत्र है। इस अवसर पर पद्मश्री शशधर आचार्य, गुरु भजन पटनायक, भोला मोहंती, रूपेश साहू, संतोष कर सहित अनेक कला प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

Tags - Seraikela Chhau Dance Culture News Jharkhand News National Award