logo

सरायकेला के चांडिल वनक्षेत्र में हाथी के बच्चे की संदिग्ध मौत, करेंट लगने की आशंका

्ोोू.jpg

बानेश्वर महतो/सरायकेला

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत तिरुलडीह गांव में एक हाथी के बच्चे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। कुईरी टोला स्थित सभा नदी के समीप बीती रात इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मृत हाथी को देखने के लिए भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार हाथी का बच्चा रात में ही मृत अवस्था में पाया गया। घटना स्थल की स्थिति को देखते हुए मौत के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई।


बिजली के करंट से मौत की आशंका
ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि हाथी के बच्चे की मौत बिजली के करंट की चपेट में आने से हो सकती है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और वन विभाग की जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दे दी गई है। विभाग के अधिकारी डॉक्टर और पोस्टमार्टम टीम के साथ मौके पर पहुंचने वाले हैं, जहां जांच के बाद मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा।


जांच के बाद होगा खुलासा
वन विभाग द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हाथी के बच्चे की मौत दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। 

Tags - wildlife elephant death Jharkhand news forest department environment