हजारीबाग
हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक घर में घुसकर लाखों के जेवरात लेकर फरार होने वाले चोर को पुलिस ने दबोच लिया है। चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने तकनीकी और वहां मिले साक्ष्यों को खंगाला और आखिरकार मुख्य आरोपी तक पहुंच गई। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के लगभग सभी आभूषण बरामद कर लिए। 15 सितंबर की रात हुई चोरी ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। सखिया पोस्ट-ओरिया निवासी एक परिवार के घर में अज्ञात चोर घुसा और सोने के आभूषण समेत कई कीमती सामान लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने मुफस्सिल थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
.jpeg)
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने चोर की तलाश तेज कर दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले परिस्थितिजन्य सुरागों को जोड़ते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। सुराग मिलते गए और पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद मुफस्सिल थाना पुलिस की टीम ने उसके ठिकाने की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान जाफर अंसारी, पिता मोहकम अंसारी, निवासी तुरांग, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रूप में हुई। पूछताछ के बाद चोरी की पूरी कहानी खुलने लगी। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

दूसरे आरोपी की तलाश तेज
बरामदगी में करीब 29 ग्राम सोने के आभूषण और 450 ग्राम चांदी के आभूषण मिले हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की पूछताछ में एक और नाम सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि चोरी की वारदात में उसका एक साथी मो. रिजवान अंसारी भी शामिल था। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। एक गिरफ्तारी से लाखों की चोरी का राज खुल गया, अब दूसरे आरोपी की तलाश तेज कर गयी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।