logo

जमशेदपुर : वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह की पुस्तक ‘समय के साथ’ का हुआ लोकार्पण, विकासपरक रिपोर्टिंग पर की गई चर्चा

sdr67sn.jpg

द फॉलोअप डेस्क
वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह की पुस्तक ‘समय के साथ’ का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। इस मौके पर हिंदी पत्रकारिता में विकासपरक रिपोर्टिंग का स्थान विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन जमशेदपुर के मिलानी हॉल में किया गया। आनंद सिंह की पुस्तक ‘समय के साथ’ का लोकार्पण विधायक सरयू राय, प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्रा, न्यू इस्पात मेल के संपादक ब्रज भूषण सिंह, चमकता आईना के संपादक जय प्रकाश राय, राजेंद्र विद्यालय के उपाध्यक्ष एस।के। सिंह और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने किया। 
संगोष्ठी में विधायक सरयू राय ने कहा कि 12 या 14 पन्नों के अखबारों में कोई न कोई पन्ना ऐसा होता है, जिसमें विकासपरक खबरें होती हैं। समस्या और समाधान से संबंधित खबरों को भी उन्होंने विकासपरक रिपोर्टिंग का हिस्सा माना और कहा कि अगर हमें सूचना न मिले तो समस्या का समाधान कैसे हो, विकास कैसे हो। उन्होंने यह भी कहा कि अखबार के हर पन्ने में विकासपरक रिपोर्टिंग खोजना ठीक नहीं, लेकिन अगर ध्यान से पढ़ा जाए तो विकासपरक खबरें हमेशा दिखाई देती हैं। विधायक ने यह भी बताया कि जमशेदपुर के अखबारों में विकासपरक खबरों को तवज्जो दी जा रही है, जो एक शुभ संकेत है।

विधायक राय ने यह भी कहा कि पहले और अब के दौर में फर्क है। पहले समाचार संकलन का तरीका अलग था, पाठकों का टेस्ट भी अलग था और तकनीकी पहलू भी भिन्न था। अब यह सब बदल चुका है, और इसका असर विकासपरक रिपोर्टिंग पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि अखबार विकास की दिशा को निरपेक्ष रूप से तय नहीं कर सकते, लेकिन विकास की दिशा की समीक्षा जरूर कर सकते हैं।
प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्रा ने भारत में हिंदी अखबारों की भूमिका पर बात करते हुए कहा कि हिंदी अखबारों में विकासपरक खबरें सबसे ज्यादा प्रकाशित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय मीडिया में लगभग 65 प्रतिशत डेवलेपमेंटल न्यूज प्रकाशित होती है, जो कि दुनिया में किसी अन्य देश से कहीं अधिक है।

न्यू इस्पात मेल के संपादक ब्रज भूषण सिंह ने विकासपरक पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह आज के समय की जरूरत है, हालांकि यह प्रक्रिया महंगी है। चमकता आईना के संपादक जय प्रकाश राय ने छोटे गांवों और तहसीलों से विकासपरक खबरों के आने की बात की, जबकि बड़े शहरों में कभी-कभी इसका अभाव होता है। उन्होंने सभी पत्रकारों से एकजुट होकर विकासपरक खबरों पर काम करने की अपील की। जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने आनंद सिंह को उनकी नई पुस्तक के लिए बधाई दी और विकासपरक पत्रकारिता के महत्व को समर्थन दिया। मंच संचालन चंद्रदीप पांडेय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अशोक गोयल ने दिया।


 

Tags - Latest Jamshedpur news Jamshedpur news updates latest Jamshedpur news latest Jamshedpur News Jamshedpur news Updates Jamshedpur News in Hindi latest Puja in Jamshedpur news Jamshedpur news in hindi