logo

पुलिस और अधिवक्ताओं में घंटों कानूनी दांव-पेंच चलने के बाद वरीय अधिवक्ता मनोज टंडन की मर्सिडीज रिलीज हुई

साी.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता मनोज टंडन की मर्सिडीज कार शुक्रवार की शाम डोरंडा पुलिस ने रिलीज कर दी। झारखंड हाईकोर्ट ने पुलिस को शाम साढ़े चार बजे तक वाहन रिलीज करने का आदेश दिया था। हालांकि पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच घंटों कानूनी दांव-पेंच चलने के बाद अंततः शाम करीब छह बजकर 35 मिनट पर डोरंडा थाने से मर्सिडीज कार छोड़ी गई। गौरतलब है कि हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति गौतम कुमार चौधरी की अदालत ने गुरुवार को वाहन रिलीज करने का निर्देश दिया था। वाहन छोड़ने से पहले कटे चालान को लेकर भी पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच मामला उलझा रहा, क्योंकि नियम के अनुसार जब्त वाहन को छोड़ने से पूर्व बकाया चालान राशि का भुगतान आवश्यक होता है।

बता दें कि 17 फरवरी को डोरंडा थाना क्षेत्र में मनोज टंडन की मर्सिडीज से एक युवक की मोटरसाइकिल टकरा गई थी, जिससे बाइक का ब्रेक टूट गया। ब्रेक बनवाने को लेकर युवक और मनोज टंडन के बीच विवाद हुआ और नोकझोंक भी हुई। बताया जाता है कि मनोज टंडन वाहन लेकर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी युवक ने गाड़ी रोकने का प्रयास किया और सामने आए वीडियो में वह मर्सिडीज के बोनट पर दिखाई दिया। मामले को पहले आपसी स्तर पर सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन देर रात दोनों पक्षों की ओर से डोरंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसके बाद मनोज टंडन ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की, जहां से उनके विरुद्ध किसी प्रकार की कार्रवाई पर रोक लगाते हुए वाहन रिलीज करने का आदेश दिया गया।

Tags - manoj tondon mercedes car high court ranchi news doranda thana