द फॉलोअप डेस्क
झारखंड खेल प्राधिकरण रांची के तत्वावधान में नवसृजित सेंटर फॉर एक्सेलेंस फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र (एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र) के लिए पहली बार चयन प्रक्रिया शुरू होगी। बालक एवं बालिका वर्ग के 16 वर्ष से 22 वर्ष तक के खिलाड़ियों का चयन होगा। 8 अप्रैल से 29 अप्रैल तक चयन के लिए विभिन्न जिलों में टेस्ट लिया जाएगा। प्रथम चरण में राज्य के 5 जिला मुख्यालयों में कैंप आयोजित होगी। इसके तहत गुमला से शुरू होकर 29 अप्रैल को रांची में यह समाप्त होगी। यहां इसमें खिलाड़ियों का “बैट्री टेस्ट” एवं “स्किल टेस्ट” होगा।

इन जिलों में लगेगा कैंप
8-9 अप्रैल - संत इग्नासियुस हाई स्कूल, गुमला
12-13 अप्रैल - एसोसियेशन फुटबॉल ग्राउंड, चाईबासा
15-16 अप्रैल - फुटबॉल स्टेडियम दुधानी, दुमका
19-20 अप्रैल - रामा साहू हाई स्कूल, गढ़वा
24-25 अप्रैल - कर्जन स्टेडियम, हजारीबाग

28 और 29 अप्रैल को रांची में अंतिम चयन प्रक्रिया
झारखंड के विभिन्न जिलों में चयन प्रक्रिया के बाद 28 और 29 अप्रैल को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम रांची में अंतिम चयन प्रक्रिया होगी। इसको लेकर खेल निदेशक डॉ. सरोजनी लकड़ा ने पत्र जारी कर दिया है। जिसके तहत उपनिदेशक देवशंकर दास को चयन समिति का अध्यक्ष, खेल परामर्शी देवेन्द्र कुमार सिंह को सदस्य सह नोडल पदाधिकारी, मो. सलीम आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र चाईबासा, अजय सुभाष तिर्की आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र गिरिडीह, योगेश प्रसाद यादव आवासीय प्रशिक्षण केंद्र साहेबगंज एवं सतीश मिंज सहायक प्रशिक्षक आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र गुमला को चयन समिति का सदस्य बनाया गया है। पत्र में कहा गया है कि इनका निर्णय ही मान्य होगा। वहीं, सभी संबंधित जिला के जिला खेल पदाधिकारी को समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षकों को सहयोग करने कहा गया।

चयन में भाग लेने के लिए कई शर्त हैं निर्धारित
चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए कई शर्तें रखी गई हैं। इसके तहत खिलाड़ियों को झारखंड का निवासी होना चाहिए। उनकी उम्र 1 अप्रैल 2023 तक 16 से 22 वर्ष से अधिक नहीं होने की शर्त भी शामिल है। इसके अलावा खिलाड़ियों को चयन स्थल पर आधार कार्ड, मैट्रिक उतीर्ण प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य किया गया। वहीं, आवेदक खिलाड़ियों को मान्यता प्राप्त अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय, आल इंडिया यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित खेलों में भागेदारी अथवा मेडलिस्ट का प्रमाण पत्र भी जमा करना होगा। बताते चलें कि जिन खिलाड़ियों का अंतिम रूप से चयन होगा उन्हें राज्य सरकार की ओर से निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT