हजारीबाग
हजारीबाग में अब यातायात नियमों की अनदेखी करना भारी पड़ सकता है। जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हो गया है। केवल चालान काटने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किए जाएंगे। जनवरी से अप्रैल 2026 तक जिले में 1080 वाहन चालकों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई है।

परिवहन विभाग के अनुसार बिना हेलमेट वाहन चलाना, ओवरलोडिंग करना, रफ ड्राइविंग करना और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना कार्रवाई के प्रमुख कारण हैं। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी ने बताया कि नियम तोड़ने वालों पर केवल जुर्माना ही नहीं लगाया जा रहा है, बल्कि उनके लाइसेंस को भी निलंबित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी चालक नियमों का उल्लंघन करते हैं तो उन पर पांच हजार रुपये तक का अतिरिक्त जुर्माना लगाया जा सकता है और लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
परिवहन विभाग का कहना है कि लोगों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं। विभाग का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना है ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। प्रशासन ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा सुरक्षित सफर को प्राथमिकता देने की अपील की है।