द फॉलोअप डेस्क
नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मधुबन थाना क्षेत्र के सतकीरा और पारसनाथ की पहाड़ियों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने नक्सलियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। जानकारी के अनुसार, गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की 203 और 154 बटालियन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जोकाई नाला और चीरवाबेड़ा इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान सघन सर्चिंग और छापेमारी में एक एसएलआर राइफल, एक 3.3 राइफल, 113 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन पाउच, करीब 700 मीटर कोडेक्स वायर और 23 डेटोनेटर समेत अन्य सामान बरामद किए गए।
बरामदगी के बाद गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार और सीआरपीएफ कमांडेंट ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी रहेगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी। डुमरी अनुमंडल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सुरजीत कुमार, डिप्टी कमांडेंट सीआरपीएफ 154 बटालियन अमित कुमार झा, असिस्टेंट कमांडेंट कोबरा 203 वैभव मल्होत्रा, पु.नि. पिंटु शर्मा (सीआरपीएफ 154/F), खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार समेत जिला पुलिस, कोबरा-203 और सीआरपीएफ 154 बटालियन के जवानों की संयुक्त टीम ने अंजाम दी। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि नक्सल गतिविधियों को खत्म करने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा।
