द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के गढ़वा जिले में इन दिनों घना कोहरा छाया हुआ है। जिले का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। इस मौसम ने आम जनजीवन पर भी असर डाला है। लेकिन देर रात गढ़वा में हुई एक घटना ने दिखाया कि कहावत “ना जाखो रखे साइयाँ, मार सके ना कोई” कितनी सटीक बैठती है। गढ़वा शहर के नवादा मोड़ स्थित सिचाई विभाग के कार्यालय के पास देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयंकर थी कि स्कॉर्पियो सवार की जान खतरे में पड़ गई। हादसा होने के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पास ही लगे ट्रांसफार्मर वाले पोल से टकरा गया। इस दोहरी टक्कर के बावजूद स्कॉर्पियो में सवार दोनों लोग हल्की चोटें लेकर सुरक्षित रहे।
स्थानीय लोग और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह घटना सचमुच चमत्कारिक थी। हालांकि हादसे के कारण उस क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई और आसपास के लोग परेशान हुए। पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को नियंत्रित किया। गढ़वा में बढ़ते कोहरे और सड़कों पर कम दृश्यता को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। एक्सपर्ट भी सुझाव दे रहे हैं कि इस मौसम में वाहन चलाते समय तेज रफ्तार से बचा जाए और सुरक्षा नियमों का पालन किया जाए। इस घटना ने यह साफ कर दिया कि भगवान की कृपा ही इंसान की सबसे बड़ी सुरक्षा है।
