logo

दोस्तों संग नदी में नहाने गया था सलमान, दर्दनाक हादसे ने छीनी जिंदगी 

jam_river.jpg

जमशेदपुर  
जमशेदपुर के मानगो इलाके के आजाद बस्ती रोड नंबर-14 निवासी युवक शेख सलमान की स्वर्णरेखा नदी में डूबने से मौत हो गयी। घटना शनिवार दोपहर की है। मिली जानकारी के अनुसार, सलमान अपने छह दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। परिजनों और साथ नहाने गये युवकों के अनुसार, कुछ दोस्तों ने सलमान को गहरे पानी में जाने के लिए उकसाया था। आरोप है कि जब सलमान डूबने लगा तो वही युवक मौके से चले गये। हालांकि, उसके तीन दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

बीच धार में फंस गया

जानकारी के मुताबिक, सलमान स्कूल वैन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार को करीब तीन बजे वह दोस्तों के साथ नदी पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गहरे पानी की ओर जाने के बाद वह बीच धार में फंस गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद कुछ युवकों ने मदद के लिए आवाज लगायी, लेकिन आरोप है कि जिन लोगों ने उसे आगे जाने के लिए कहा था, उन्होंने बचाव में हिस्सा नहीं लिया। इधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साथ गये युवकों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।

Tags - Youth Drowned Friends Accused Police Investigation Youth Death Friends Questioned