logo

टाटा स्टील के कर्मचारियों को SBI देगा 1.10 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा

SBI7.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

टाटा स्टील के कर्मचारियों को SBI बैंक 1 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा का लाभ देगा। टाटा स्टील और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच टाटा स्टील के कर्मचारियों के वेतन खाते एवं वेतन पैकेज सुविधाओं के संबंध में मंगलवार को जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील परिसर में समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए बैंकिंग, बीमा एवं वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं को और व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

संविदा कर्मियों को सुविधाओं से जोड़ने की पहल
एसबीआई द्वारा टाटा स्टील के स्थायी कर्मचारियों को पहले से ही वेतन पैकेज की विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब इस संबंध को और व्यापक बनाते हुए टाटा स्टील से जुड़े पात्र संविदा कर्मियों को भी इन सुविधाओं से जोड़ने की पहल की गई है। इससे बड़ी संख्या में कर्मचारी लाभान्वित होंगे। SBI के कॉरपोरेट सैलरी पैकेज (सीएसपी) के तहत वेतन स्लैब, खाता वैरिएंट एवं पात्रता मानदंड के अनुसार अधिकतम 1.10 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध है। इसमें 1 करोड़ रुपये तक का मुख्य व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा (PAI) तथा डेबिट कार्ड के माध्यम से उपलब्ध अतिरिक्त 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा शामिल है। अलग-अलग वेतन पैकेज वैरिएंट के अनुसार बीमा राशि एवं अन्य सुविधाएं अलग-अलग होंगी। 

इस पहल की खास बात यह है कि निर्धारित वेतन पैकेज के अंतर्गत उपलब्ध इन सुविधाओं के लिए कर्मचारी से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता है। संबंधित वैरिएंट एवं पात्रता के अनुसार कर्मचारियों को दुर्घटना बीमा के साथ कई अन्य सुविधाएं भी मिलती हैं।

वेतन पैकेज के अंतर्गत परिवार के लिए भी विशेष सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध हैं। SBI रिश्ते खाता (गोल्ड एवं उससे ऊपर) के तहत कर्मचारी के परिवार के अधिकतम 4 सदस्यों को पांच-पांच लाख रुपये, यानी कुल 20 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध है।

उच्च शिक्षा के लिए 8 से 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त कवर
दुर्घटना में अभिभावक की मृत्यु की स्थिति में बच्चों की स्नातक स्तर तक उच्च शिक्षा के लिए 8 से 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त कवर तथा परिवार में अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए पांच-पांच लाख रुपये, यानी कुल 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता का भी प्रावधान है। ये सुविधाएं निर्धारित नियमों एवं पात्रता के अधीन होंगी। इसके अलावा वेतन पैकेज के तहत वायु दुर्घटना बीमा, स्थायी पूर्ण/आंशिक दिव्यांगता कवर, स्वास्थ्य बीमा में बेस कवर एवं सुपर टॉप-अप, एयरपोर्ट लाउंज सुविधा, यात्रा लाभ, ओटीटी लाभ, स्वास्थ्य जांच, जिम, स्पा, गोल्फ, फिल्म टिकट तथा अन्य बैंकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं का लाभ संबंधित वेतन पैकेज वैरिएंट के अनुसार मिलेगा।

महाप्रबंधक एवं झारखंड राज्य प्रमुख ने क्या कहा!
भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक एवं झारखंड राज्य प्रमुख श्री बेनुधर पाढ़ी ने कहा, “टाटा स्टील के साथ हमारा संबंध लंबे समय से मजबूत और विश्वसनीय रहा है। टाटा स्टील के स्थायी कर्मचारियों को एसबीआई की वेतन पैकेज सुविधाओं का लाभ पहले से मिल रहा है। इस समझौते के माध्यम से अब पात्र संविदा कर्मियों तक भी इन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि कर्मचारियों को वेतन खाता सुविधा के साथ-साथ दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा और अन्य उपयोगी बैंकिंग सुविधाएं भी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध हों।”

उन्होंने कहा, “यह पहल कर्मचारी कल्याण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। टाटा स्टील के साथ मिलकर हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक पात्र कर्मचारी इस सुविधा से लाभान्वित हों और उन्हें एक ही मंच पर व्यापक वित्तीय एवं बीमा सुरक्षा उपलब्ध हो सके।”

समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय, पटना के उप महाप्रबंधक आलोक कुमार, कॉरपोरेट सेंटर के सैलरी पैकेज विभाग के उप महाप्रबंधक पंकज झा, मुख्य प्रबंधक एवं कॉरपोरेट सैलरी पैकेज टीम लीडर विकास पांडेय तथा क्षेत्रीय प्रबंधक, जमशेदपुर कन्हैया कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं टाटा स्टील की ओर से सीएचआरओ  जुबिन पालिया एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags - TATA SteelInsurance CoverSBIJharkhand News